June 10, 2026

Hind foucs news

hindi new update

जनसेवा ही सुशासन की सबसे बड़ी कसौटी…सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री पद संभालने की उपलब्धि हासिल करने पर बोले पीएम मोदी

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम एक बेहद खास उपलब्धि जुड़ गई है। मोदी आजाद भारत में सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री पद को संभालने वाले नेता बन गए हैं। उन्होंने दिवंगत पूर्व प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू को इस मामले में पीछे छोड़ दिया है। नेहरू के नाम लगातार 4398 दिनों तक प्रधानमंत्री रहने का रिकॉर्ड था, वहीं 26 मई 2014 से लेकर आज तक बतौर पीएम मोदी के कार्यकाल के 4399 दिन पूरे हो गए हैं। इस विशेष उपलब्धि पर पीएम मोदी ने सोशल मीडिया के जरिए अपने संदेश में लिखा, जनसेवा ही सुशासन की सबसे बड़ी कसौटी है। विनम्रता, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा के साथ निरंतर कार्य करने वाला व्यक्ति ही जनविश्वास अर्जित करता है। इसके साथ ही उन्होंने संस्कृत का एक श्लोक भी लिखा,

सदानुरक्तप्रकृतिः प्रजापालनतत्परः।

विनीतात्मा हि नृपतिर्भूयसी श्रियमश्नुते॥

आपको बता दें कि 2014 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी को भारी बहुमत मिलने के बाद नरेंद्र मोदी पहली बार 26 मई 2014 को प्रधानमंत्री बने थे। 5 साल का कार्यकाल पूरा करने के बाद 2019 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी को पहले से भी ज्यादा बहुमत मिला और इस तरह मोदी ने लगातार दूसरी बार पीएम की कुर्सी संभाली। इसके बाद 2024 के लोकसभा चुनाव में फिर से एनडीए गठबंधन की बहुमत से जीत हुई और मोदी को लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री पद संभालने का सौभाग्य प्राप्त हुआ।

पीएम मोदी की इस विशेष उपलब्धि पर बीजेपी ने देशभर में कई जगहों पर पूजा रखी है। दिल्ली में बीजेपी नेताओं ने मयूर विहार स्थित श्री शुभ सिद्धि विनायक मंदिर, बिरला मंदिर, लोधी रोड स्थित साई मंदिर में पूजा-अर्चना की। वहीं लखनऊ के श्री हनुमान सेतु मंदिर में बीजेपी कार्यकर्ताओं ने पूजा रखी। मोदी के पीएम के रूप में 12 साल पूरे होने पर बीजेपी 14 जून तक ’12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के’ कार्यक्रम भी आयोजित कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *