ममता बनर्जी को झटके पर झटका, राज्यसभा से टीएमसी के तीसरे सांसद ने दिया इस्तीफा
नई दिल्ली। ममता बनर्जी को झटके पर झटका लगना खत्म नहीं हो रहा। ममता बनर्जी की टीएमसी के एक और राज्यसभा सांसद ने इस्तीफा दे दिया है। राज्यसभा से इस्तीफा देने वाले टीएमसी सांसद का नाम प्रकाश चिक बड़ाईक है। प्रकाश से पहले टीएमसी की सुष्मिता देव और सुखेंदु शेखर रॉय ने भी राज्यसभा से इस्तीफा दे दिया था। वहीं, लोकसभा में टीएमसी के 19 सांसदों और पश्चिम बंगाल में ममता की पार्टी से जीते 58 विधायक पहले ही बागी हो चुके हैं।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद ममता बनर्जी के 15 साल के शासन का अंत हो गया। उन्होंने चुनाव नतीजे आने के बाद शोभनदेव चटर्जी को पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता विपक्ष बनाया, लेकिन दो विधायकों ऋतब्रत बनर्जी और संदीपन साहा ने शोभनदेव को नेता विपक्ष चुनने के प्रस्ताव को ही फर्जी बता दिया और ये दावा भी किया कि प्रस्ताव में 14 विधायकों के फर्जी दस्तखत हैं। जिसके बाद ममता बनर्जी ने ऋतब्रत और संदीपन को टीएमसी से निकाल दिया। इसके बाद दोनों ने 56 और विधायकों के साथ अलग गुट बना लिया और पश्चिम बंगाल विधानसभा अध्यक्ष ने ऋतब्रत को नेता विपक्ष मान लिया।
दूसरी तरफ, दिल्ली में टीएमसी सांसद काकोली घोष दस्तिदार के नेतृत्व में टीएमसी के लोकसभा सांसदों ने बागी रुख अपना लिया। काकोली ने अपने साथ टीएमसी के 19 लोकसभा सांसद होने का दावा किया है। लोकसभा में टीएमसी के 29 सांसद हुआ करते थे। जबकि, राज्यसभा में ममता की पार्टी के 13 सांसद थे। अब तीन सांसदों के इस्तीफे से राज्यसभा में टीएमसी के प्रतिनिधियों की संख्या 10 रह गई है। अटकलें हैं कि जल्दी ही टीएमसी के कुछ और राज्यसभा सांसद भी इस्तीफा दे सकते हैं। इन सबकी वजह से आने वाले दिनों में ममता बनर्जी के हाथ से टीएमसी और उसका चुनाव चिन्ह भी छिन जाने की आशंका बढ़ गई है। अगर बागी विधायकों और सांसदों ने साबित कर दिया कि वे ही असली टीएमसी हैं, तो पार्टी का फंड भी ममता बनर्जी के हाथ से छिनकर उनके पास चला जाएगा।
