मध्य प्रदेश में बीजेपी के तीनों राज्यसभा प्रत्याशी तरुण चुग, रजनीश अग्रवाल और महेश केवट निर्विरोध जीते
नई दिल्ली। मध्य प्रदेश में बीजेपी के तीनों राज्यसभा प्रत्याशी तरुण चुग, रजनीश अग्रवाल और महेश केवट चुनाव से पहले ही निर्विरोध जीत गए हैं। दरअसल आज नामांकन वापसी की अंतिम तारीख थी और इसका निर्धारित टाइम पूरा होने के बाद मैदान में सिर्फ यही तीन प्रत्याशी बचे, जिसके चलते रिटर्निंग ऑफिसर ने इनको विजयी घोषित कर दिया। इससे पहले कांग्रेस की उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नॉमिनेशन कैंसिल हो गया था। जिसके चलते बीजेपी के तीसरे उम्मीदवार महेश केवट की आसानी से जीत हो गई। मीनाक्षी पर अपने हलफनामे में उनके खिलाफ चल रहे आपराधिक मामलों की जानकारी न देने और संपत्ति का पूरा उल्लेख न करने के आरोप में कार्रवाई हुई है।
हालांकि मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द किए जाने के रिटर्निंग ऑफिसर के फैसले को कांग्रेस ने सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है। इस मामले में सुप्रीम कोर्ट कल यानी शुक्रवार को सुनवाई करेगा। मीनाक्षी नटराजन की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता अभिषेक सिंघवी ने अदालत से याचिका पर त्वरित सुनवाई का आग्रह किया था, मगर कोर्ट ने इस पर कल सुनवाई के लिए बोला है। गौरतलब है कि 12 राज्यों की 26 राज्यसभा सीटों पर 18 जून को चुनाव होना है। इस चुनाव में कुल 28 प्रत्याशी मैदान में हैं।
मध्य प्रदेश में संख्या बल को देखते हुए बीजेपी दो सीटें और कांग्रेस एक सीट जीत रही थी। इसी लिहाज से कांग्रेस ने मीनाक्षी नटराजन के रूप में सिर्फ एक कैंडिडेट को उतारा था जबकि बीजेपी ने पहले तरुण चुग और रजनीश अग्रवाल को कैंडिडेट घोषित किया और बाद तीसरे कैंडिडेट के रूप में महेश केवट को भी चुनाव में उतार दिया। इससे कांग्रेस की टेंशन थोड़ी बढ़ गई थी क्योंकि चुनाव में क्रॉस वोटिंग हो सकती थी। अब जब कांग्रेस की उम्मीदवार का नामांकन ही कैंसिल हो चुका है तो बीजेपी के तीसरे उम्मीदवार की भी जीत हो गई है।
