डोनाल्ड ट्रंप का दावा, ईरान समझौते के लिए माना, युद्ध खत्म, तेहरान ने किया खंडन, कहा-नहीं हुई कोई डील
नई दिल्ली। ईरान के साथ शांति समझौते को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा दावा किया है। ट्रंप ने कहा कि ईरान नए समझौते के लिए मान गया है। जिसके तहत ईरान कभी भी परमाणु हथियार नहीं बना पाएगा। ट्रंप ने ओवल में पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि हमने ईरान पर होने वाले नए हमलों को रोक दिया है। इस सप्ताह के अंत में यूरोप में इस समझौते पर हस्ताक्षर हो सकते हैं। उसके बाद होर्मुज स्ट्रेट को पूरी तरह से खोल दिया जाएगा। हालांकि तब तक अमेरिकी नाकेबंदी जारी रहेगी। वहीं ट्रंप के इस दावे के कुछ देर बाद ही ईरान ने इसका खंडन कर दिया।
ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघई ने कहा कि अमेरिका के साथ कोई डील फाइनल नहीं हुई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ईरान अपनी तय की गई रेड लाइन्स पर कोई समझौता नहीं करेगा। ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी IRNA के अनुसार बघई ने अमेरिका पर आरोप लगाते हुए कहा कि शांति वार्ता को लेकर शुरुआत से ही हमें स्थिति स्पष्ट थी। समझौते के मसौदे का बड़ा हिस्सा पहले ही तैयार किया जा चुका था लेकिन अमेरिका बार-बार अपना रुख बदलता रहा।
अपने हालिया दावे से कुछ घंटों पर पहले ही ट्रंप ने ईरान पर बड़े हमले की धमकी दी थी। उन्होंने कहा था कि आज की रात ईरान के लिए भारी है। वहीं बघई ने ओमान के पास कार्गो जहाजों पर हुए हमलों को अमेरिका की सशस्त्र डकैती करार दिया है। इस हमले में तीन भारतीय नागरिकों की मौत पर ईरान ने शोक संवेदना जताई है। ईरान की तस्नीम समाचार एजेंसी के अनुसार ट्रंप पिछले दो महीनों में 38 बार यह दावा कर चुके हैं कि समझौता होने वाला है। एजेंसी ने कहा कि जब तक ईरान की तरफ से कोई घोषणा न की जाए तब तक अमेरिकी राष्ट्रपति के दावों को सच नहीं माना जाना चाहिए।
