ममता के भतीजे अभिषेक बनर्जी के घर देर रात पहुंची पुलिस, ये है मामला
कोलकाता। ममता बनर्जी और उनके सांसद भतीजे अभिषेक बनर्जी की मुश्किलें खत्म होती नहीं दिख रहीं। पश्चिम बंगाल के पूर्व मेदिनीपुर के सालबोनी थाने की पुलिस कोलकाता पुलिस को साथ लेकर शुक्रवार देर रात करीब 3 बजे अभिषेक बनर्जी के घर पहुंची। बताया जा रहा है कि पूर्व विधायक और टीएमसी के जिला अध्यक्ष सुजय हाजरा से पूछताछ के बाद सालबोनी थाने की पुलिस अभिषेक बनर्जी के घर पहुंची। सुजय पर कथित जमीन घोटाले का आरोप है। इस मामले में पुलिस ने अभिषेक बनर्जी के पीए सुमित रॉय को आरोपी बनाया है। टीएमसी का आरोप है कि पुलिस ने अभिषेक के घर का ताला तोड़ दिया।
अभिषेक बनर्जी के खिलाफ पहले ही सीआईडी दो मामलों में जांच कर रही है। एक जांच टीएमसी विधायकों के कथित फर्जी दस्तखत मामले में हो रही है। दूसरा मामला पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दौरान धमकी देने का है। फर्जी दस्तखत मामले में कलकत्ता हाईकोर्ट के निर्देश पर अभिषेक बनर्जी एक बार सीआईडी के सामने पेश हो चुके हैं। रविवार को उनको फिर पेश होना है। वहीं, धमकी देने के मामले में भी सीआईडी ने पूछताछ के लिए ममता बनर्जी के भतीजे को तलब किया है। अब जमीन घोटाला मामले में पुलिस ने देर रात अभिषेक बनर्जी के घर दस्तक दी।
अभिषेक बनर्जी पहले ही पश्चिम बंगाल में कथित कोयला घोटाला मामले में फंसे हुए हैं। उस मामले में सीबीआई और ईडी उनसे पूछताछ कर चुकी है। अभिषेक बनर्जी बीते दिनों दक्षिण 24 परगना के सोनारपुर में उग्र लोगों की नाराजगी भी झेल चुके हैं। सोनारपुर में मृत टीएमसी कार्यकर्ता के घर जाते वक्त अभिषेक बनर्जी के खिलाफ चोर-चोर के नारे लगाते हुए स्थानीय लोगों ने सड़े अंडे, जूते और पत्थर फेंके थे। इसके बाद अभिषेक बनर्जी को कोलकाता लाकर पहले अपोलो और फिर बेल व्यू अस्पताल लाया गया था, लेकिन डॉक्टरों ने गंभीर चोट न होने की बात कहकर अभिषेक बनर्जी को दाखिल करने से इनकार कर दिया था। जिस पर ममता बनर्जी बिफरी भी थीं।
