बॉक्स ऑफिस पर चला इम्तियाज अली का जादू, ”मैं वापस आऊंगा” को मिली डिसेंट शुरुआत
नई दिल्ली। इम्तियाज अली के डायरेक्शन में बनी फिल्म ”मैं वापस आऊंगा” को फाइनली रिलीज कर दिया गया है। इस फिल्म में दिलजीत दोसांझ, नसीरुद्दीन शाह, वेदांग रैना और शर्वरी ने मुख्य भूमिका निभाई है। फिल्म की कहानी पार्टीशन के दर्द को बखूबी बयां करती है। इस फिल्म को बीते शुक्रवार सिनेमाघरों में रिलीज किया गया और अब फिल्म के पहले दिन का बॉक्स ऑफिस रिपोर्ट भी सामने आ गया है तो चलिए बताते हैं इस फिल्म ने पहले दिन कितने की कमाई की?
इम्तियाज अली की फिल्म ”मैं वापस आऊंगा” ने इस शुक्रवार सिनेमाघरों में दस्तक दे दी। अब फिल्म के पहले दिन की कमाई का आंकड़ा भी सामने आ गया है। मैं वापस आऊंगा ने पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर ठीक-ठाक शुरुआत की। सैकनिल्क के मुताबिक फिल्म ने पहले दिन 2,302 शोज के साथ 1.15 करोड़ रुपये की कमाई की, इसके साथ ही इसका नेट इंडिया कलेक्शन 1.15 करोड़ रुपये रहा और इंडिया ग्रॉस कलेक्शन 1.38 करोड़ रुपये रहा।
शुक्रवार को मैं वापस आऊंगा के साथ बॉक्स ऑफिस पर गवर्नर और भारत भाग्य विधाता ने भी दस्तक दी, हालांकि कमाई की बात करें तो तीनों में से मैं वापस आऊंगा ने ही अच्छी कमाई की है। बाकी दोनों फिल्मों ने भी ठीक-ठाक प्रदर्शन किया है। हालांकि अभी वीकेंड पर कमाई बढ़ने की संभावना है क्यूंकि ”मैं वापस आऊंगा” को फिल्म क्रिटिक्स, मीडिया और कंटेंट क्रिएटर्स से काफी अच्छे रिव्यूज मिले हैं।
”मैं वापस आऊंगा” की कहानी प्री पार्टीशन और पार्टीशन के बाद बिछड़े हुए अपनों के दर्द के इर्द-गिर्द बुनी गई है जिसमें अधूरी रही गयी कहानी का वो जख्म है जिसकी टीस किसी के सीने में पूरी उम्र रह गई और मोहब्बत का दर्द इतना कि वो दर्द मरने भी नहीं दे रहा। ”मैं वापस आऊंगा” उसी पार्टीशन के पेन का विजुअल रिप्रजेंटेशन है।
