50 हजार का इनामी बदमाश पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, दोनों पैरों में लगी गोली
प्रदीप बंसल –
लोनी (गाजियाबाद)। थाना लोनी पुलिस ने शनिवार को एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए 50 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। जवाबी कार्रवाई में बदमाश के दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
पुलिस के अनुसार, 13 जून को मुखबिर से सूचना मिली थी कि 30 मई को ग्राम गनौली निवासी ओमकार सिंह के अपहरण और हत्या के मामले में वांछित इनामी अभियुक्त बंथला से चिरोड़ी की ओर आने वाला है। सूचना पर थाना लोनी पुलिस ने बंथला-चिरोड़ी मार्ग पर नहर के पास चेकिंग शुरू कर दी।
इसी दौरान एक सफेद स्विफ्ट कार आती दिखाई दी। पुलिस ने वाहन को रुकने का संकेत दिया, लेकिन चालक कार लेकर भागने लगा। पीछा करने पर कार सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गई। आरोप है कि कार से उतरकर बदमाश ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी और भागने का प्रयास किया। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बदमाश के दोनों पैरों में गोली लग गई।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान गौरव नागर पुत्र गजराज, निवासी ग्राम बादलपुर, थाना बादलपुर, गौतमबुद्ध नगर के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर ओमकार पुत्र राममेहर निवासी ग्राम गनौली के अपहरण और हत्या की वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार हत्या के बाद शव को मेरठ के गंगानगर क्षेत्र में फेंक दिया गया था। इस संबंध में थाना लोनी में मुकदमा संख्या 152/2026 दर्ज है।
पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से एक स्विफ्ट कार, 32 बोर की एक पिस्टल, दो जिंदा कारतूस तथा दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ एनसीआर क्षेत्र में करीब आधा दर्जन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
