June 17, 2026

Hind foucs news

hindi new update

बीजेपी के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह और विधायक बेटे प्रतीक भूषण को जान से मारने की धमकी, कहा- बच सकते हो तो बच लो

गोण्डा। यूपी की कैसरगंज सीट से बीजेपी के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह और उनके विधायक बेटे प्रतीक भूषण सिंह को जान से मारने की धमकी दी गई है। प्रतीक भूषण के प्रतिनिधि की तहरीर पर गोण्डा कोतवाली पुलिस ने केस दर्ज किया है। जिस मोबाइल नंबर से बृजभूषण शरण सिंह और प्रतीक भूषण को मारने की धमकी दी गई, वो राजस्थान के अलवर जिले के संदीप शर्मा के नाम है। पुलिस ने एक टीम को राजस्थान भेजा है।

गोण्डा कोतवाली में सदर सीट के बीजेपी विधायक प्रतीक भूषण के प्रतिनिधि अजय सिंह ने जो शिकायत दी है, उसमें कहा गया है कि 14 जून दोपहर करीब 2 बजकर 22 मिनट पर विधायक के मोबाइल फोन पर अज्ञात शख्स ने फोन किया। बातचीत के दौरान उस व्यक्ति ने धमकी देते हुए कहा कि वो विधायक और उनके पिता की हत्या का इंतजाम कर चुका। अगर वे बच सकते हैं, तो बच लें। शिकायत में कहा गया है कि प्रतीक भूषण सिंह और उनका परिवार पहले से ही बदमाशों के निशाने पर रहा है। ऐसे में जनप्रतिनिधि को दी गई धमकी पर राजस्थान पुलिस से समन्वय कर सख्त कार्रवाई की जाए।

दबंग माने जाने वाले बृजभूषण शरण सिंह को बीजेपी ने पिछली बार कैसरगंज सीट से लोकसभा का टिकट नहीं दिया था। महिला पहलवानों की ओर से यौन शोषण का आरोप लगाए जाने की वजह से बृजभूषण को चुनाव से दूर रखा गया था। हालांकि, उनके बेटे को बीजेपी ने गोण्डा सदर सीट से विधायक बनवाया है। महिला पहलवानों के आरोपों को बृजभूषण शरण सिंह खारिज करते रहे हैं। बृजभूषण शरण सिंह पर जब महिला पहलवानों ने आरोप लगाया, उस वक्त वो भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष थे। बृजभूषण घुड़सवारी और कुश्ती प्रेम के लिए पहचाने जाते हैं। बीते करीब एक साल से बृजभूषण शरण सिंह के तमाम इंटरव्यू न्यूज चैनलों के अलावा यूट्यूब पर भी आ चुके हैं। बीते दिनों ही बृजभूषण ने कहा था कि राम मंदिर चंदे की चोरी के मामले में वो बोल नहीं सकते। क्योंकि सच बोल देंगे, तो परेशानी में आ जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *