June 17, 2026

Hind foucs news

hindi new update

‘समाजवादी पार्टी में बड़ी टूट होने वाली है’, योगी सरकार में मंत्री ओमप्रकाश राजभर का दावा, जानिए अखिलेश यादव की पार्टी की प्रतिक्रिया

लखनऊ। यूपी की योगी आदित्यनाथ सरकार में मंत्री और सुभासपा अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर यूं तो समाजवादी पार्टी और उसके अध्यक्ष अखिलेश यादव पर हमला करते रहते हैं, लेकिन अब राजभर ने बड़ा दावा किया है। ओमप्रकाश राजभर का दावा है कि समाजवादी पार्टी में बड़ी टूट होने वाली है। ओमप्रकाश राजभर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट में दावा किया है कि अखिलेश यादव के चाचा और राज्यसभा सांसद राम गोपाल यादव ने इस बारे में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को चिट्ठी सौंपी है।

वहीं, ओमप्रकाश राजभर के इस दावे के बाद यूपी में बीजेपी बनाम समाजवादी पार्टी की सियासत और गर्माती दिख रही है। क्योंकि राजभर ने ये दावा भी किया है कि पूरी सपा ही बीजेपी में आने के लिए तैयार है। न्यूज चैनल आजतक से समाजवादी पार्टी प्रवक्ता सुनील सिंह साजन ने कहा कि बीजेपी और उनके सहयोगी बौखलाए हैं। सुनील ने कहा कि ओमप्रकाश राजभर सिर्फ अपनी दुकान चलाने के लिए इस तरह के बयान दे रहे। समाजवादी पार्टी प्रवक्ता ने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी ने बीजेपी को हाफ किया था। साल 2027 के विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी यूपी से बीजेपी को साफ कर देगी।

बता दें कि लोकसभा में यूपी से समाजवादी पार्टी के 37 विधायक हैं। इनमें खुद समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव, उनकी पत्नी डिंपल यादव और चचेरे भाई धर्मेंद्र यादव भी हैं। जबकि, यूपी में समाजवादी पार्टी के विधायकों की संख्या 106 है। समाजवादी पार्टी 2012 से 2017 तक यूपी की सत्ता में रही थी। साल 2017 में खराब कानून-व्यवस्था और मुस्लिम तुष्टिकरण के आरोप में समाजवादी पार्टी घिरी और बीजेपी ने उसे यूपी की सत्ता से बाहर कर दिया। तबसे बीजेपी यूपी में लगातार दो बार सरकार बना चुकी है। वहीं, अखिलेश यादव का इरादा है कि इस बार बीजेपी को यूपी की सत्ता से हटाकर फिर समाजवादी पार्टी की सरकार बनाई जाए। इसके लिए अखिलेश यादव ‘पीडीए’ यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक का नारा दे रहे। साथ ही ब्राह्मण और क्षत्रिय समुदाय को भी अपने पाले में करने की कोशिश में अखिलेश जुटे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *