June 24, 2026

Hind foucs news

hindi new update

प्रयागराज कुंभ से चर्चित हुई मोनालिसा ने पिता के खिलाफ मध्य प्रदेश हाईकोर्ट का किया रुख, लगाया है ये आरोप

इंदौर। प्रयागराज में हुए महाकुंभ मेले में माला बेचकर चर्चा में आई मोनालिसा ने अब अपने पिता के खिलाफ मध्य प्रदेश हाईकोर्ट की इंदौर बेंच में शिकायत की है। मोनालिसा ने आरोप लगाया है कि उनके पिता ने बर्थ सर्टिफिकेट में हेर-फेर कर उनकी उम्र को कम दिखाया। जिससे फरहान से शादी को अवैध करार दिलाया जा सके। वहीं, पिछली सुनवाई में सरकारी वकील ने कहा कि मोनालिसा और फरहान की याचिका में गलतियां हैं। जिसके बाद हाईकोर्ट की इंदौर बेंच ने इन गलतियों को सुधारने के लिए कहा था।

मोनालिसा के पिता ने दावा किया था कि उनकी बेटी 16 साल की और नाबालिग है। मोनालिसा के पिता के अलावा तमाम हिंदूवादी संगठनों ने फरहान पर लव जिहाद करने का आरोप लगाया है। वहीं, मोनालिसा का कहना है कि उनके पिता फरहान से शादी के कारण खुश नहीं हैं। जिसकी वजह से उन्होंने बर्थ सर्टिफिकेट से छेड़छाड़ की। मोनालिसा ने मध्य प्रदेश हाईकोर्ट की इंदौर बेंच में कहा है कि उनके पिता ने छोटे भाई के बर्थ सर्टिफिकेट को एडिट कर उसे उनका दिखा दिया। मोनालिसा और फरहान ने मार्च 2026 में शादी की थी। जिसका खुलासा होने के बाद से ही विवाद पैदा हो गया। मध्य प्रदेश के खरगोन जिले की पुलिस से मोनालिसा के पिता ने अपनी बेटी के नाबालिग होने की शिकायत की थी।

मोनालिसा के पिता ने फरहान के खिलाफ बेटी को जबरन ले जाने और शादी करने का आरोप लगाया है। खरगोन पुलिस ने इस पर फरहान के खिलाफ पॉक्सो समेत कई धाराओं में केस दर्ज किया था। अनुसूचित जनजाति आयोग ने भी मोनालिसा को नाबालिग बताया था और उनकी फरहान से शादी पर सवाल खड़े किए थे। जबकि, मोनालिसा खुद को बालिग बता रही हैं। उनका कहना है कि बिना किसी दबाव के उन्होंने अपनी मर्जी से फरहान से शादी की। मोनालिसा और फरहान की मुलाकात केरल में एक फिल्म की शूटिंग के वक्त हुई थी। जिसके बाद दोनों ने शादी कर ली थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *