सिया ने केतन अग्रवाल से इतनी बड़ी रकम लेकर चेतन को दी थी!, तीन साल बाद का ये प्लान भी बनाया था
पुणे। केतन अग्रवाल हत्याकांड में पुलिस की जांच जारी है। इस जांच के दौरान नए-नए और चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। ताजा खुलासा ये हुआ है कि सिया गोयल ने शादी की खरीदारी का बहाना बनाकर अपने मंगेतर केतन अग्रवाल से मोटी रकम ली और अपने कथित प्रेमी चेतन चौधरी को दे दिए। न्यूज चैनल एनडीटीवी ने सूत्रों के हवाले से ये बताया है। चैनल को सूत्रों ने बताया कि केतन की हत्या के बाद के कदम को भी सिया और चेतन ने तय किया था।
सूत्रों के मुताबिक सिया गोयल और चेतन चौधरी ने तय किया था कि केतन की हत्या के कुछ साल बाद वे शादी कर लेंगे। जिससे किसी को शक नहीं होगा। उन्होंने हत्या से पहले केतन से मोटी रकम लेने की योजना बनाई। सिया ने केतन से कहा कि शादी के लिए खरीदारी करनी है। उसे 1 करोड़ रुपए चाहिए। अपने खिलाफ साजिश से बेखबर केतन ने ये रकम सिया को दे दी। सिया ने चेतन को ये रकम इसलिए दी, ताकि वो अपने कारोबार को आगे बढ़ा सके। क्योंकि चेतन का परिवार आर्थिक तौर पर कमजोर था। चेतन ने सिया से कहा था कि आर्थिक तौर पर स्थिरता के लिए उसे कम से कम तीन साल का वक्त लगेगा।
पुलिस को सिया ने बताया कि लोहागढ़ किले में केतन अग्रवाल की हत्या से पहले सिया को बैठ जाने के लिए कहा गया। इससे चेतन के लिए केतन को खाई में धकेलना आसान होता और वो पहुंच से बाहर भी रहती। इस योजना के तहत सिया बैठ गई और चेतन ने केतन को खाई में धकेल दिया। पुलिस की जांच में पता चला है कि हत्या के दिन चेतन खुद की पहचान छिपाने के लिए कार की जगह ऑटो से 90 किलोमीटर दूर लोहागढ़ किले गया था। ताकि टोल प्लाजा पर उसकी आवाजाही सीसीटीवी कैमरों में कैद न हो सके। इससे पहले भी केतन हत्याकांड में कई बड़े खुलासे हो चुके हैं।
