यूपी समेत तीन राज्यों में बीजेपी ने नियुक्त किए नए प्रभारी, जानिए कहां, किसे मिली जिम्मेदारी?
नई दिल्ली। बीजेपी की नई केंद्रीय टीम के ऐलान के एक दिन बाद आज पार्टी ने यूपी समेत तीन राज्यों में नए प्रभारियों की नियुक्ति की घोषणा कर दी है। विनोद तावड़े को बीजेपी ने उत्तर प्रदेश का प्रभार सौंपा है। जबकि तरुण चुग को गुजरात तथा सतीश पूनिया को पंजाब का प्रभारी बनाया गया है। राज्यसभा सांसद विनोद तावड़े और सतीश पूनिया को सोमवार को ही राष्ट्रीय महामंत्री नियुक्त किया गया था, जबकि तरुण चुग को राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी बनाया गया था अब इन तीनों को एक और नई जिम्मेदारी दी गई है। पार्टी के इस फैसले को बीजेपी के चुनावी अभियान की तैयारी के रूप में देखा जा रहा है।
इन तीनों नेताओं के अलावा बीजेपी के राष्ट्रीय मंत्री जगदीश ईश्वरभाई पटेल को उत्तर प्रदेश का सह प्रभारी बनाया गया है। यह सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी। दरअसल यूपी, पंजाब में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं। वहीं गुजरात में अगले साल के अंत चुनाव संभावित हैं, इसको देखते हुए पार्टी ने अपने संगठन को मजबूत करना शुरू कर दिया है। इन नेताओं के अनुभवों को देखते हुए बीजेपी ने उनको यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी हैं। प्रदेश प्रभारी होने के नाते विनोद तावड़े, सतीश पूनिया और तरुण चुग के पास संगठन के विस्तार से लेकर अन्य पदाधिकारियों, नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच सामंजस्य बनाते हुए, चुनावी रणनीति को धरातल पर उतारने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होगी।
यूपी और गुजरात में बीजेपी की ही सरकार है। ऐसे में इन दोनों राज्यों में बीजेपी फिर से सरकार बनाने को लेकर चुनावी रणनीति में लगी हुई है। जबकि पंजाब में बीजेपी मजबूत पकड़ बनाते हुए सत्ता में आने की प्लानिंग कर रही है। आपको बता दें कि बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की नई राष्ट्रीय टीम में 65 पदाधिकारियों को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है, जिसमें से 51 नए नाम हैं।
