March 17, 2026

Hind foucs news

hindi new update

रिक्टर स्केल पर 7.3 की तीव्रता के भूकंप से हिला इंडोनेशिया, सुनामी की चेतावनी जारी

जकार्ता। रिक्टर पैमाने पर 7.3 की तीव्रता वाले भूकंप से इंडोनेशिया हिल गया है। भूकंप के बाद सुनामी की चेतावनी जारी की गई है। अमेरिकी भूगर्भ सर्वेक्षण USGS के प्रशांत सुनामी चेतावनी केंद्र के मुताबिक इस भूकंप से खतरनाक सुनामी आने की आशंका है। मीडिया की खबरों के मुताबिक पूरे इंडोनेशिया में भूकंप के तेज झटके लगे। भूकंप मौमेरे शहर से करीब 100 किलोमीटर दूर केंद्रित था। यह जमीन से 18 किलोमीटर नीचे दो टेक्टोनिक प्लेट्स के टकराने के बाद आया। बता दें कि इंडोनेशिया रिंग ऑफ फायर इलाके में है। यहां एशियाई और यूरेशियाई टेक्टोनिक प्लेट्स आपस में टकराती रहती हैं। जमीन के नीचे होने वाली टक्कर से यहां आए दिन भूकंप आते हैं और ज्वालामुखी फटते हैं।

भूकंप से अभी विनाश की कोई जानकारी नहीं मिली है। सरकार ने हर जगह राहत और बचाव दल को तैयार रहने के निर्देश दिए हैं। समुद्र के किनारे से लोगों को हटाने का काम तेजी से किया जा रहा है। भूकंप के केंद्र से 1000 किलोमीटर दायरे में समुद्र में सुनामी आने की भविष्यवाणी की गई है। इंडोनेशिया में हाल के दिनों में कई ज्वालामुखी भी फटे हैं। इसकी वजह से भी भूकंप आए थे। यहां भूकंप आने के तुरंत बाद बचाव दल को तैनात किया जाता है। इसके लिए बाकायदा सरकारी एजेंसियां रात और दिन हालात पर नजर बनाए रखती हैं।

बता दें कि साल 2004 में इंडोनेशिया के सुमात्रा में 9.1 तीव्रता का जबरदस्त भूकंप आया था। इस भूकंप की वजह से सुनामी आई थी। भूकंप और सुनामी से सुमात्रा में 1 लाख 70 हजार लोग मारे गए थे। जबकि, पूरे इंडोनेशिया में सवा 2 लाख लोगों की मौत हुई थी। साल 2018 में भी तेज भूकंप से 500 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई थी। सुलावेसी में भी बड़े भूकंप के बाद आई सुनामी से 4000 से ज्यादा लोगों ने जान गंवाई थी। तमाम और लोग लापता हो गए थे। इन घटनाओं के बाद वहां की सरकार ने भूकंप और सुनामी से निपटने के लिए अपने तंत्र को मजबूत किया। जिसके बाद लोगों के हताहत होने की कम खबरें मिलने लगीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *