March 3, 2026

Hind foucs news

hindi new update

सुरक्षा बलों के हाथ लगी बड़ी कामयाबी, मुठभेड़ में जैश-ए-मोहम्मद के 6 आतंकवादी ढेर

नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर में सुरक्षाबलों के हाथ बड़ी कामयाबी लगी है। सुरक्षाबलों ने घाटी में आतंक पर कड़ा प्रहार करते हुए अनंतनाग और कुलगाम जिलों में दो अलग-अलग मुठभेड़ों में दो पाकिस्तानी नागरिकों समेत प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े 6 आतंकवादियों को ढेर कर दिया। पुलिस ने गुरुवार सुबह आतंक के खिलाफ इस बड़ी जीत की जानकारी दी है।

कश्मीर जोन पुलिस ने कश्मीर के महानिरीक्षक विजय कुमार के हवाले से ट्वीट कर जानकारी देते हुए कहा, “दो अलग-अलग मुठभेड़ों में आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के छह आतंकवादी मारे गए। मारे गए आतंकवादियों में से 4 की पहचान दो पाकिस्तानी और दो स्थानीय आतंकवादियों के रूप में की गई है। अन्य दो आतंकवादियों की पहचान का पता लगाया जा रहा है। यह हमारे लिए बड़ी सफलता है।”

अधिकारियों की मानें, आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच एक मुठभेड़ कुलगाम जिले में हुई तो वहीं, दूसरी अनंतनाग जिले में यानी दोनों दक्षिण कश्मीर में हुई है। बताया जा रहा है, सुरक्षा बलों को कुलगाम जिले के मिरहमा इलाके में आतंकवादियों की मौजूदगी को लेकर जानकारी मिली थी। इस सूचना के बाद जवानों ने तलाशी अभियान शुरू किया।

अधिकारियों का कहना है कि जब बल इलाके में तलाशी ले रहे थे, तब छिपे हुए आतंकवादियों ने उन पर गोलीबारी करना शुरू कर दिया। सुरक्षाबलों ने भी इस गोलीबारी का मुंह तोड़ जवाब दिया जिसमें तीन आतंकवादी ढेर हुए। अधिकारियों का ये भी कहना है कि सुरक्षाबलों की दूसरी मुठभेड़ पड़ोसी अनंतनाग के दूरू के नौगाम शाहाबाद इलाके में हुई। इस मुठभेड़ में एक पुलिसकर्मी घायल हो गया जिसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *