यूरोप में कभी भी छिड़ सकती है जंग, यूक्रेन के मसले पर रूस को बाइडेन की बड़ी चेतावनी
वॉशिंगटन/मास्को। यूरोप में जंग के हालात तेजी से बनते दिख रहे हैं। यूक्रेन के मसले पर अमेरिका ने रूस को सीधी चेतावनी दे दी है। अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने कहा है कि अगर यूक्रेन पर रूस ने हमला किया, तो उसे जवाबदेह ठहराया जाएगा और ये रूस के लिए आपदा जैसी होगी। उन्होंने कहा कि अमेरिका और उसके साथी रूस की अर्थव्यवस्था को काफी गहरा नुकसान पहुंचाएंगे। बाइडेन ने कहा कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन ने पहले ऐसे प्रतिबंध नहीं देखे होंगे, जैसे अमेरिका और उसके साथी देश यूक्रेन पर हमले की सूरत में लगाएंगे। उन्होंने ये चेतावनी भी दी कि अगर रूस ने यूक्रेन के खिलाफ एक भी कदम आगे बढ़ाया, तो प्रतिबंध लगाने की शुरुआत कर दी जाएगी।
बाइडेन ने कहा कि अमेरिका ने पहले ही यूक्रेन को बड़ी तादाद में रक्षा सामग्री भेजी है। अगर जंग हुई, तो रूस को भारी कीमत चुकानी होगी। अमेरिकी रक्षा मंत्री एंटनी ब्लिंकेन ने भी इससे पहले रूस के बारे में बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि अगर रूस ने यूक्रेन के खिलाफ आक्रामक रवैया न छोड़ा, तो व्यापक प्रतिक्रिया का उसे सामना करना होगा। बता दें कि अमेरिका के अलावा ब्रिटेन और कुछ अन्य देशों ने रूस को बड़े पैमाने पर हथियार दिए हैं। रूस की सेना पिछले काफी समय से यूक्रेन की सीमा पर डटी है और दिसंबर में बड़े पैमाने पर रूस ने यहां युद्धाभ्यास भी किया था। रूस और यूक्रेन के बीच विवाद एक इलाके को लेकर है। रूस कहता है कि इस इलाके में रहने वाले रूसी मूल के लोगों पर यूक्रेन की सरकार अत्याचार करती है।
अमेरिका की ओर से चेतावनी दिए जाने से पहले रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन ने भी कहा था कि यूक्रेन के मसले पर अमेरिका से जारी गतिरोध में उनका देश पीछे नहीं हट सकता। उन्होंने कहा था कि जब तक यूक्रेन अपनी आक्रामकता नहीं छोड़ता, हमें कड़ी प्रतिक्रिया देनी ही होगी। अब जबकि, अमेरिका के राष्ट्रपति बाइडेन ने रूस को सीधी चेतावनी दे दी है और रूस की ओर से यूक्रेन की सीमा पर से सैनिकों की तैनाती को भी जारी रखा गया है, ये आशंका जोर पकड़ रही है कि किसी भी दिन यूरोप में नए सिरे से जंग हो सकती है। यूक्रेन पहले सोवियत संघ का हिस्सा रहा है और आजादी के बाद से ही रूस के साथ उसके संबंध लगातार कटुता वाले रहे हैं।
