कौन हैं अशनीर ग्रोवर, जिन्होंने को फाउंडर होकर भी भारत पे से दिया इस्तीफा ?
नई दिल्ली। भारत पे को आज कौन नहीं जानता, यूपीआई पेमेंट ऐप भारत पे के को फाउंडर और एमडी अशनीर ग्रोवर ने कैसे नौकरी छोड़कर बिजनेस शुरू किया, उसे लेकर उनकी खूब तारीफें होती हैं लेकिन सोनी टीवी के रियल्टी शो शार्क टैंक इंडिया का जज बनने के बाद से अशनीर ग्रोवर की तारीफें नहीं बल्कि आलोचनाएं का दौर शुरू हो गया। दरअसल, मामला था कथित रूप से गालीगलौज का…हुआ कुछ यूं था कि इस साल की शुरुआत में एक ऑडियो क्लिप सामने आया था। इसमें दावा किया गया था कि ग्रोवर कोटक महिंद्रा बैंक के एक कर्मचारी के साथ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं। इससे मामले ने इतना तूल पकड़ा कि ग्रोवर की छुट्टी ही हो गई।
अब दो महीने तक चले ड्रामे के बाद आखिरकार अशनीर ग्रोवर ने कंपनी और बोर्ड से इस्तीफा दे दिया है। ग्रोवर ने कंपनी के बोर्ड को भेजे ईमेल में कहा कि उन्हें बदनाम किया गया और उनके साथ अच्छा व्यवहार नहीं किया गया। ग्रोवर ने कंपनी के कामकाज की समीक्षा के लिए Singapore International Arbitration Centre में अपील की थी लेकिन पिछले हफ्ते इसे खारिज कर दिया गया। ग्रोवर ने अपने इस्तीफे में कंपनी के बोर्ड को भी आड़े हाथ लेते हुए कहा कि वो सच्चाई से कोसों दूर हैं और बिजनेस को भूल चुके हैं। उन्होंने कहा कि कंपनी के निवेशक और बोर्ड फाउंडर्स के साथ गुलामों जैसा व्यवहार करता है।
इससे पहले हाल ही में भारत पे ने अशनीर ग्रोवर की पत्नी माधुरी जैन ग्रोवर को वित्तीय अनियमितताओं के आरोप में बर्खास्त करने के साथ उनके ESOP को भी रद्द कर दिया था। लेकिन इस पूरे बवाल के बीच एक बड़ा सवाल ये है कि आखिर कौन हैं अशनीर ग्रोवर और कैसे उन्होंने भारत पे जैसी कंपनी को बुलंदियों तक पहुंचाया।
अशनीर ग्रोवर का जन्म 14 जून 1982 को दिल्ली में हुआ था। अशनीर एक समृद्ध और शैक्षिक बैकग्राउंड वाले परिवार से ताल्लुक रखते हैं। उनके पिता एक चार्टर्ड एकाउंटेंट हैं और उनकी मां एक टीचर हैं। ऐसे में उन्हें कभी भी सामाजिक और आर्थिक रूप से किसी भी समस्या का सामना नहीं करना पड़ा। अशनीर ग्रोवर की शादी माधुरी जैन ग्रोवर से हुई जिनसे उन्हें एक बेटा और एक बेटी हैं। दिल्ली के रहने वाले अशनीर ग्रोवर ने IIT दिल्ली और IIM अहमदाबाद से पढाई की है। उन्होंने अपनी खुद की कंपनी भारत पे शुरू करने से पहले कोटक इन्वेस्टमेंट बैंक, ग्रोफर्स, पीसी ज्वैलर्स लिमिटेड और अमेरिकन एक्सप्रेस जैसी कुछ मशहूर कंपनियों में काम किया। उन्होंने 2018 में आधिकारिक तौर पर भारतपे लॉन्च किया। भारतपे के नेटवर्क का जबरदस्त विस्तार हुआ और आज इस एप्लिकेशन के पास एक करोड़ से भी ज्यादा डाउनलोड हैं लेकिन अश्नीर ग्रोवर का नाम चर्चा में आया तो उसके पीछे वजह थी अमेरिकी टेलीविजन रियलिटी शो पर आधारित भारतीय रियलिटी शो शार्क टैंक इंडिया, जिसमें ग्रोवर जज की भूमिका में दिखाई दिए थे।
