मोहाली अटैक के बाद अरविंद केजरीवाल फिर बने कुमार विश्वास का निशाना, कांग्रेस नेता प्रमोद कृष्णम ने भी दिया साथ
नई दिल्ली। पंजाब के मोहाली में खुफिया पुलिस के हेडक्वॉर्टर पर सोमवार शाम को हुए हमले के बाद कवि कुमार विश्वास ने एक बार फिर दिल्ली के सीएम और अपने पुराने साथी अरविंद केजरीवाल का नाम लिए बगैर उन पर निशाना साधा है। कुमार विश्वास ने तंज कसने के अंदाज में ट्वीट किया, ‘ये सब होना तो पहले से ही दहेज में तय हो गया था। दिल्ली में अलग तरह के साले-साढ़ू हैं, इधर तो परदेस वाले साले-साढ़ू हैं।’ कुमार विश्वास इससे पहले भी घटनाओं पर इसी तरह अपनी प्रतिक्रिया दे चुके हैं। ऐसी ही प्रतिक्रिया की वजह से पंजाब में उनके खिलाफ केस भी दर्ज हुआ था।
इससे पहले करनाल में खालिस्तानी आतंकियों की गिरफ्तारी और हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में विधानसभा के गेट पर खालिस्तान के झंडे लगाए जाने के बाद भी कुमार विश्वास ने ट्वीट में लिखा था, ‘देश मेरी चेतावनी को याद रखे।’ दरअसल, पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले कुमार विश्वास का एक वीडियो सामने आया था। इस वीडियो में कुमार विश्वास ने कहा था कि एक बार अरविंद केजरीवाल ने उनसे खुलासा किया कि वो अलग खालिस्तान देश का पीएम बनना चाहते हैं। उसके बाद पंजाब में आप की सरकार बनी और आतंकी घटनाओं में बढ़ोतरी हुई, तो कुमार विश्वास अपने ट्वीट्स में उसी वीडियो का हवाला देकर देश को चेतावनी याद रखने की बात कहते रहते हैं।
कुमार विश्वास के इस नए ट्वीट के बाद इस मामले में कांग्रेस के नेता आचार्य प्रमोद कृष्णम भी कूद पड़े। उन्होंने ट्वीट में लिखा कि पंजाब की जनता ने कुमार विश्वास की बातों पर भरोसा न करके कहीं भूल तो नहीं कर दी? प्रमोद ने ये भी लिखा कि ग्रेनेड ब्लास्ट करने वाले आतंकवादी नहीं हैं और बग्गा आतंकवादी है, वाकई AAP महान हैं। बता दें कि सिख आतंकी संगठन सिख्स फॉर जस्टिस SFJ के चीफ गुरपतवंत सिंह पन्नून ने कई बार दावा किया है कि पंजाब में उसने ही धन और जनबल के जरिए आप की सरकार बनवाई है।
