प्रवर्तन निदेशालय ने अनिल देशमुख के खिलाफ कसा शिकंजा, की बड़ी कार्रवाई
नई दिल्ली। महाराष्ट्र के पूर्व गृहमंत्री और एनसीपी के वरिष्ठ नेता अनिल देशमुख की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही है। प्रवर्तन निदेशालय अनिल देशमुख के खिलाफ लगातार शिकंजा कस रहा है। इसी कड़ी में अब ईडी ने अनिल देशमुख के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। मंगलवार को अनिल देशमुख के करीबियों पर ईडी ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। बता दें कि इससे पहले ED ने अनिल देशमुख के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग का मामला दर्ज किया था। प्रवर्तन निदेशालय ने सीबीआई की एफआईआर के आधार पर मामला दर्ज किया था।
खबरों के मुताबिक, 100 करोड़ रुपये की वसूली केस में एनसीपी नेता अनिल देशमुख के करीबी सागर भटेवार के घर पर छापेमारी की गई है। प्रवर्तन निदेशालय की टीम आज सुबह ही सागर के नागपुर के शिवाजी नगर स्थित घर पर पहुंची। बताया जा रहा है किअभी छापेमारी जारी है।
बता दें कि परमबीर सिंह ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को चिट्ठी लिखी थी। इस चिट्ठी में परमबीर सिंह ने एंटीलिया केस में फंसे मुंबई पुलिस के बर्खास्त एपीआई सचिन वाजे और अनिल देशमुख को लेकर सनसनीखेज दावा किया था।
इस चिट्ठी में उन्होंने अनिल देशमुख पर आरोप लगाते हुए कहा गया कि उन्होंने सचिन वाजे से 100 करोड़ रुपये हर महीने कलेक्ट करने को कहा था। उन्होंने लिखा कि मुंबई पुलिस के क्राइम ब्रांच के इंटेलिजेंस यूनिट की जिम्मेदारी संभालने वाले सचिन वाजे को गृह मंत्री अनिल देशमुख ने पिछले कुछ महीनों के दौरान अपने आधिकारिक आवास ज्ञानेश्वर पर कई बार बुलाया था। वाजे को बार-बार गृह मंत्री के लिए पैसा इकट्ठा करने का निर्देश दिया गया था।
