March 31, 2026

Hind foucs news

hindi new update

पत्नी और बेटों के साथ नुस्ली वाडिया पर गंभीर आरोपों में केस दर्ज, पाकिस्तान के संस्थापक मोहम्मद अली जिन्ना के नाती हैं मशहूर उद्योगपति

मुंबई। भारत के मशहूर उद्योगपति और पाकिस्तान के संस्थापक मोहम्मद अली जिन्ना के नाती नुस्ली नेविल वाडिया मुश्किल में फंस गए हैं। नुस्ली वाडिया, उनकी पत्नी मॉरीन, बेटे नेस वाडिया और जहांगीर वाडिया समेत 7 लोगों पर मुंबई पुलिस ने केस दर्ज किया है। मुंबई के बोरीवली स्थित कोर्ट के आदेश पर मुंबई पुलिस ने केस दर्ज किया है। नुस्ली वाडिया के पिता का नाम नेविल वाडिया और मां का नाम दीना वाडिया था। दीना वाडिया के पिता मोहम्मद अली जिन्ना थे। पाकिस्तान बनने पर दीना अपने पिता के साथ वहां नहीं गई थीं और भारत में ही रहीं।

नुस्ली वाडिया और अन्य के खिलाफ महेंद्र चांदे ने कोर्ट में शिकायत दी थी कि आरोपियों ने अदालत में फर्जी दस्तावेज दिए। महेंद्र चांदे फरोनी होटल्स प्राइवेट लिमिटेड के सीईओ हैं। दरअसल, मुंबई के मलाड में एक जमीन पर फरोनी होटल्स प्राइवेट लिमिटेड को विकास का काम करना था। जिसके बाद बिक्री से होने वाली आमदनी का 12 फीसदी हिस्सा वाडिया ग्रुप को देना तय हुआ था। चांदे और वाडिया ग्रुप के बीच हुए समझौते पर साल 2008 में विवाद हो गया और ये मामला कोर्ट पहुंचा। चांदे ने बोरीवली मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट कोर्ट में शिकायत की है कि बॉम्बे हाईकोर्ट में सुनवाई के दौरान नुस्ली वाडिया के परिवार की ओर से फर्जी दस्तावेज दिए गए।

महेंद्र चांदे की शिकायत पर बोरीवली कोर्ट ने संज्ञान लिया और मुंबई पुलिस को नुस्ली वाडिया, उनकी पत्नी और बेटों समेत अन्य के खिलाफ केस दर्ज करने का आदेश दिया। मुंबई के बांगर नगर थाने में नुस्ली वाडिया और अन्य पर बीएनएस की तमाम धाराओं में केस दर्ज किया गया है। आरोपों में आपराधिक साजिश, जालसाजी और धोखाधड़ी भी शामिल हैं। अगर ये आरोप कोर्ट में साबित हुए, तो नुस्ली वाडिया, उनकी पत्नी मॉरीन, बेटे नेस और जहांगीर समेत आरोपियों के लिए बड़ी मुश्किल साबित हो सकती है। इन आरोपों को बहुत गंभीर माना जाता है और सख्त सजा का भी बीएनएस में प्रावधान किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *