June 27, 2026

Hind foucs news

hindi new update

महाराष्ट्र नगर निगम चुनाव की तारीखों का ऐलान, 15 जनवरी को होगी वोटिंग, 16 को घोषित होंगे नतीजे

नई दिल्ली। महाराष्ट्र में होने वाले नगर निगम चुनाव की तारीखें घोषित हो गई हैं। प्रदेश के चुनाव आयुक्त दिनेश वाघमारे ने चुनाव कार्यक्रम का ऐलान करते हुए बताया कि बीएमसी सहित सभी 29 नगर पालिका के चुनाव 15 जनवरी 2026 को होंगे। वहीं मतदान के एक दिन बाद 16 जनवरी नतीजे घोषित कर दिए जाएंगे। 32 जिला परिषदों और 336 पंचायत समितियों के लिए भी 15 जनवरी को ही वोटिंग होगी। चुनाव आयुक्त के अनुसार वोटिंग के लिए प्रदेश भर में 10,111 मतदाता केंद्र बनाए जाएंगे। इस चुनाव में 1 जुलाई, 2025 को रिवाइज्ड मतदाता सूची का इस्तेमाल किया जाएगा।

चुनाव आयुक्त ने बताया कि उम्मीदवार 23 दिसंबर से 30 दिसंबर तक नामांकन पत्र दाखिल कर सकते हैं। नामांकन पत्र ऑफलाइन जमा किए जाएंगे। इसके बाद चुनाव आयोग 31 दिसंबर तक आवेदनों की जांच करेगा। नामांकन वापसी की अंतिम तारीख 2 जनवरी 2026 होगी। नगर निगम चुनाव के लिए चुनाव चिन्ह वितरण और अंतिम उम्मीदवारी की लिस्ट 3 जनवरी 2026 को जारी की जाएगी। चुनाव आयोग के ऐलान के बाद अब सभी राजनीतिक दल अपनी अपनी चुनावी तैयारियों को तेज करने वाले हैं।

आपको बता दें कि महाराष्ट्र में नगर निगमों का कार्यकाल पहले ही खत्म हो चुका है और साल 2022 में यह चुनाव होने थे। मगर वार्ड परिसीमन और ओबीसी आरक्षण के मामले को लेकर चुनाव टलता चला गया। अभी हाल ही में सुप्रीम कोर्ट ने स्थानीय निकाय चुनावों को 31 जनवरी 2026 तक पूरा करने का निर्देश दिया था जिसके बाद निर्वाचन आयोग की ओर से चुनाव कार्यक्रम का ऐलान किया गया। इससे पहले साल 2017 के चुनाव में बीएमसी में बीजेपी ने 82 सीटें जीती थीं जबकि शिवसेना (अविभाजित) ने 84 सीटों पर विजय हासिल की थी। वहीं कांग्रेस को 31 और एनसीपी को 9 सीटें मिली थी। बता दें कि महाराष्ट्र की राजनीति में बीएमसी चुनाव की खासी महत्ता रहती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *