वर्ल्डकप अंडर 19 की एक टीम में तीन भाइयों का चयन, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट इतिहास में दूसरी बार ऐसा संयोग
नई दिल्ली। क्रिकेट वर्ल्डकप अंडर 19 मेन्स टूर्नामेंट का आयोजन अगले साल 2026 में होना है। इस टूर्नामेंट की मेजबानी नामीबिया और जिम्बाब्वे को मिली है। वर्ल्ड कप में हिस्सा वाले देश एक एक करके अपनी अपनी टीम स्क्वाड का ऐलान कर रहे हैं। जापान ने भी अपनी 15 सदस्यीय टीम घोषित कर दी है और एक खास वजह से जापान की टीम स्क्वाड की चर्चा हो रही है। दरअसल जापान की टीम में तीन भाइयों को शामिल किया गया है। यह अपने आप में एक संयोग है कि वर्ल्डकप में एक ही टीम में तीन भाइयों का साथ में चयन हुआ हो।
जापान की टीम में जिन तीन भाइयों का सेलेक्शन हुआ है उनके नाम मॉन्टगोमेरी हारा हीन्ज, गैब्रियल हारा हीन्ज और चार्ल्स हारा हीन्ज हैं। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के इतिहास में ऐसा दुर्लभ संयोग दूसरी बार हुआ है जब किसी भी लेवल पर 3 भाइयों ने वर्ल्ड कप में एक टीम में जगह बनाई हो। इससे पहले 1975 के वनडे वर्ल्ड कप में ऐसा हुआ था। उस वक्त न्यूजीलैंड की टीम में तीन भाइयों को एक साथ जगह मिली थी और सर रिचर्ड हैडली उनके भाई बैरी हेडली और डेल हेडली को कीवी टीम में एक साथ वर्ल्ड कप में खेलने का मौका मिला था।
वर्ल्डकप अंडर 19 के लिए ऑस्ट्रेलिया भी अपनी टीम स्क्वाड का ऐलान कर चुकी है। हालांकि भारत ने अभी अपनी टीम स्क्वाड की घोषणा नहीं की है। दरअसल भारतीय खिलाड़ी अभी दुबई में आयोजित एसीसी अंडर-19 एशिया कप 2025 में हिस्सा लेने गए हैं। माना जा रहा है कि इस टूर्नामेंट के बाद जब भारतीय खिलाड़ी स्वदेश लौटेंगे उसके बाद अंडर-19 वर्ल्ड कप के लिए टीम घोषित की जाएगी। पिछली बार अंडर 19 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी ऑस्ट्रेलिया ने जीती थी। अंडर-19 पुरुष क्रिकेट वर्ल्ड कप का सोलहवां संस्करण होगा। चार ग्रुप में 16 टीमों को विभाजित रखा गया है। प्रत्येक समूह से शीर्ष तीन टीमें सुपर सिक्स चरण में पहुंचेंगी।
