May 25, 2026

Hind foucs news

hindi new update

पावो नुरमी गेम्स में नीरज चोपड़ा ने 89.30 मीटर भाला फेंककर बनाया नया रिकॉर्ड

नई दिल्ली। टोक्यो ओलंपिक के जेवलिन थ्रो ईवेंट में गोल्ड मेडेल हासिल करने वाले भारत के नीरज चोपड़ा ने अब फिनलैंड के पावो नुरमी गेम्स में नया रिकॉर्ड बना दिया है। मंगलवार को नीरज ने 89.30 मीटर तक जेवलिन यानी भाला फेंका। इससे पहले टोक्यो ओलंपिक में उन्होंने 87.58 मीटर का थ्रो किया था। इसके साथ ही नीरज ने अपने राष्ट्रीय रिकॉर्ड में भी सुधार कर लिया। उन्होंने हालांकि पावो नुरमी गेम्स में सिल्वर मेडल ही जीता। पावो नुरमी गेम्स फिनलैंड में सबसे बड़ी ट्रैक और फील्ड प्रतियोगिता मानी जाती है। 1957 से हर साल ये प्रतियोगिता चल रही है। डायमंड लीग मीटिंग्स के बाहर ये सबसे प्रतिष्ठित प्रतियोगिताओं में से एक है। टोक्यो ओलंपिक के बाद नीरज ने कहा था कि उनका लक्ष्य 90 मीटर तक जेवलिन फेंकना है। उस दिशा की ओर वो बढ़ते नजर आ रहे हैं।

करीब 10 महीने बाद किसी टूर्नामेंट में हिस्सा ले रहे नीरज ने अपने दूसरे थ्रो में 89.30 मीटर तक जेवलिन फेंका। पहले प्रयास में उन्होंने 86.92 मीटर का थ्रो किया। तीसरा, चौथा और पांचवां थ्रो अमान्य हो गया। आखिरी थ्रो में उन्होंने 85.85 मीटर तक जेवलिन फेंका। कई थ्रो अमान्य होने पर नीरज को फिनलैंड के ओलिवियर हेलांडेर से पीछे रहना पड़ा। हेलांडेर ने गोल्ड मेडल जीता। उन्होंने 89.93 मीटर तक थ्रो किया था। नीरज ने इससे पहले 88.07 मीटर जेवलिन थ्रो का नेशनल रिकॉर्ड मार्च 2021 में पटियाला में बनाया था। सूचना और प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने नीरज की उपलब्धि को शानदार बताते हुए तारीफ की है।

नीरज चोपड़ा अब शनिवार को फिनलैंड में ही होने जा रहे कोर्टेन गेम्स में हिस्सा लेंगे। इसके बाद 30 जून को स्टॉकहोम लेग ऑफ द डायमंड लीग में भी जेवलिन थ्रो मुकाबले में उतरेंगे। नीरज ने फिनलैंड पहुंचने से पहले अमेरिका और तुर्किए में ट्रेनिंग भी ली। नीरज 15 से 24 जुलाई तक अमेरिका के यूजीन में होने वाली वर्ल्ड चैंपियनशिप में भी हिस्सा लेने वाले हैं। जहां उनसे नए रिकॉर्ड की उम्मीद की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *