कैटरीना कैफ और विक्की कौशल को मिली जान से मारने की धमकी, पुलिस ने दर्ज की FIR
नई दिल्ली। बॉलीवुड के पावर कपल में से एक कैटरीना कैफ और विक्की कौशल को जान से मारने की धमकी मिली है। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात शख्स के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। बताया जा रहा है कि एक शख्स लंबे समय से सोशल मीडिया पर अभिनेत्री कैटरीना कैफ को स्टॉक कर रहा था। जब इस बारे में कैटरीना के पति विक्की कौशल को पता चला तो विक्की ने उस शख्स को समझाने की भी कोशिश की लेकिन ये शख्स नहीं माना। जानकारी के मुताबिक, इस शख्स का नाम आदित्य राजपूत है।
बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया पर एक्ट्रेस कैटरीना कैफ को स्टॉक करने वाले इस शख्स ने जब कैट के पति विक्की की बात नहीं मानी तो एक्टर को मज़बूरी में इस शख्स के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवानी पड़ी। आपको बता दें कि स्टॉक करने वाले इस व्यक्ति का आदित्य राजपूत के नाम से फसबुक पर अकाउंट है लेकिन यही इसकी असली आईडी है या नहीं इस बात की पुष्टि अभी तक नहीं हुई है।
कैटरीना-विक्की से पहले सलमान खान को मिली धमकी
कैटरीना और विक्की कौशल से पहले सुपरस्टार सलमान खान को जान से मारने की धमकी मिली थी। 29 मई को पंजाब के मशहूर सिंगर सिद्धू मूसेवाला की दिन-दहाड़े गोली मारकर हत्या के कुछ ही दिन बाद सलमान खान को जान से मारने की धमकी मिली थी। सलमान के पिता सलीम खान जब सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले तो उन्हें सलमान खान के नाम का एक पत्र मिला था, जिसमें एक्टर की हालत सिद्धू मूसेवाला के जैसे करने की धमकी दी गई थी। इसके बाद से ही सलमान खान की सुरक्षा और बढ़ा दी गई है।
