April 23, 2026

Hind foucs news

hindi new update

एकनाथ शिंदे ने उद्धव के गढ़ नासिक में दिखाई ताकत, फूल बरसाकर शिवसैनिकों ने किया स्वागत

नासिक। महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे ने उद्धव ठाकरे की चिंता और बढ़ा दी है। शिंदे ने शुक्रवार को उद्धव के गढ़ नासिक में शक्ति प्रदर्शन किया। वो देर रात यहां पहुंचे थे। पाथर्डी फाटा में छत्रपति शिवाजी की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि देने वाले शिंदे के स्वागत में भीड़ उमड़ी थी। शिंदे ने यहां एक जनसभा भी की। जनसभा में लोग उन्हें दम बांधकर सुनते दिखे। एकनाथ शिंदे ने कहा कि बारिश की वजह से जिन किसानों का नुकसान हुआ है, उन्हें मुआवजा दिलाया जाएगा। इसके लिए अफसरों को बुलाया गया है और बैठक में वो मुआवजे की रकम के बारे में फैसला लेने वाले हैं।

सीएम बनने के बाद एकनाथ शिंदे पहली बार नासिक आए थे। रात 11 बजे उनके स्वागत के लिए भीड़ मौजूद थी। शिंदे के स्वागत में पूर्व विधायक काशीनाथ मेंगल, हेमंत गोडसे और सुहास कांडे जैसे शिवसेना के दिग्गज नेता मौजूद थे। शिंदे को देर रात पहुंचना था, लेकिन उनके समर्थकों और बीजेपी के कार्यकर्ताओं ने रात 8 बजे ही भारी भीड़ लगा दी। जब शिंदे पहुंचे, तो जेसीबी से उनपर फूलों की बारिश भी की गई। एकनाथ शिंदे ने कहा कि नासिक में सिंहस्थ कुंभ की योजना तैयार की जा रही है और शहर को हर तरह से विकास का तोहफा दिया जाएगा।

मालेगांव रवाना होने से पहले शिंदे ने कहा कि महाराष्ट्र में जो सरकार अभी है, वो आम कार्यकर्ताओं और लोगों की है। उन्होंने कहा कि नासिक के त्रयंबकेश्वर समेत सभी तीर्थ स्थलों को पंढरपुर तीर्थ स्थल की तरह विकसित किया जाएगा। उन्होंने कई और एलान भी किए। खास बात ये है कि उद्धव ठाकरे के गुट ने दावा किया था कि नासिक में एक भी शिवसैनिक एकनाथ शिंदे का साथ नहीं देगा, लेकिन ये दावा गलत साबित हुआ। शिंदे के मंच पर नासिक नगर निगम की स्थायी समिति के पूर्व अध्यक्ष मामा ठाकरे समेत कई शिवसैनिक देखे गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *