June 27, 2026

Hind foucs news

hindi new update

दिशा सालियान के पिता की अर्जी पर 2 अप्रैल को बॉम्बे हाईकोर्ट में सुनवाई, आदित्य ठाकरे समेत कई पर लगाए हैं गंभीर आरोप

मुंबई। दिवंगत एक्टर सुशांत सिंह राजपूत की मैनेजर रहीं दिशा सालियान के पिता सतीश सालियान की अर्जी पर बॉम्बे हाईकोर्ट 2 अप्रैल को सुनवाई करने वाला है। दिशा सालियान का शव संदिग्ध हालात में एक अपार्टमेंट के नीचे मिला था। उनके पिता सतीश सालियान ने अपनी बेटी से गैंगरेप और हत्या का आरोप लगाया है। दिशा सालियान के पिता ने बॉम्बे हाईकोर्ट में अर्जी देकर सीबीआई जांच की मांग की है। साथ ही उद्धव ठाकरे के बेटे और शिवसेना-यूबीटी विधायक आदित्य ठाकरे से पूछताछ की मांग भी दिशा सालियान के पिता ने की है। आदित्य के अलावा कई और को भी सतीश सालियान ने इस मामले से जोड़ा है।

इससे पहले दिशा सालियान की संदिग्ध हालात में मौत के मामले से खुद का नाम जोड़ने वालों पर आदित्य ठाकरे ने निशाना साधा था। आदित्य ठाकरे ने आरोप लगाया था कि ऐसे लोग पिछले 5 साल से उनकी मानहानि कर रहे हैं। आदित्य ठाकरे ने कहा है कि अब मामला कोर्ट में है और वो अब जो कुछ कहना होगा, वो अदालत में ही कहेंगे। दिशा सालियान के पिता की अर्जी की कॉपी उस वक्त नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) के अफसर रहे समीर वानखेड़े को भी दी गई है। समीर वानखेड़े के वकील फैजान मर्चेंट ने कहा है कि उनके मुवक्किल की तरफ से हाईकोर्ट में विस्तृत हलफनामा दिया जाएगा। जिसमें समीर वानखेड़े से संबंधित सभी बिंदुओं की जानकारी होगी।

समीर वानखेड़े ने दिशा सालियान की मौत में ड्रग्स की भूमिका की जांच की थी। मुंबई पुलिस ने दिशा सालियान की मौत की जांच के बाद इसे आत्महत्या बताया था। वहीं, बीजेपी के विधायक नीतेश राणे लगातार दावा कर रहे हैं कि दिशा सालियान की गैंगरेप के बाद हत्या की गई। दिशा सालियान ने कथित तौर पर 8 जून 2020 के मलाड के एक अपार्टमेंट की 14वीं मंजिल से कूदकर खुदकुशी कर ली थी। इस घटना के बाद 14 जून को एक्टर सुशांत सिंह राजपूत का शव उनके घर पर फांसी पर लटका मिला था। सुशांत की मौत को भी घरवालों ने संदिग्ध बताया था। सीबीआई ने सुशांत सिंह राजपूत की मौत की जांच की थी। वहीं, दिशा सालियान की संदिग्ध हालत में मौत की जांच मुंबई पुलिस के ही पास रही थी।