डोमिनिका कोर्ट से भगोड़े मेहुल चोकसी को लगा बड़ा झटका, जमानत अर्जी खारिज
नई दिल्ली। पंजाब नेशनल बैंक घोटाले का आरोपी और भगोड़ा कारोबारी मेहुल चोकसी की मुश्किले बढ़ गई है। एक तरफ जहां भगोड़े मेहुल चोकसी को भारत वापस लेने को कोशिश तेज हो गई है। वहीं मेहुल चोकसी को गुरुवार को डोमिनिका की कोर्ट से बड़ा झटका लगा है। दरअसल डोमिनिका कोर्ट ने चोकसी के देश में अवैध प्रवेश के मामले में उसकी जमानत याचिका खारिज कर दी है। बता दें कि पीएनबी में 13 अरब रुपये का घोटाला का आरोपी मेहुल चोकसी इन दिनों डोमिनिका की जेल में बंद है।
उधर मेहुल चोकसी के वकील विजय अग्रवाल ने मीडिया से बातचीत में कहा कि हम ऊपरी कोर्ट में जाएंगे। मेहुल चोकसी व्हीलचेयर पर बैठकर मजिस्ट्रेट के सामने पहुंचा था। वहीं प्रत्यार्पण करने के मामले में आज फिर डोमिनिका की हाई कोर्ट में सुनवाई होगी।
बता दें कि बीती 25 मई को चोकसी एंटीगुआ और बारबुडा से लापता हो गया था। इसके बाद वह 26 मई को डोमिनिका में पकड़ा गया था। इससे पहले एंटीगुआ के प्रधानमंत्री गैस्टन ब्राउन ने रविवार को डोमिनिका की कोर्ट से चोकसी को सीधे भारत भेजने का आग्रह किया था। उन्होंने यह भी आशंका जताई थी कि डोमिनिका में मेहुल गर्लफ्रेंड के चक्कर में पकड़ा गया है।
चोकसी 13,500 करोड़ रुपये के पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) ऋण धोखाधड़ी मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा भारत में वांछित है। सीबीआई द्वारा मामला दर्ज करने से कुछ दिन पहले वह जनवरी 2018 में एंटीगुआ शिफ्ट हो गया था।
