न्यूजीलैंड ने पहले वनडे में भारत को दी सात विकेट से मात, तीन मैच की सीरीज में 1-0 की बढ़त बनाई
ऑकलैंड। भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले गए पहले ODI मुकाबले में न्यूजीलैंड ने 7 विकेट से भारत को करारी मात दी है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने न्यूजीलैंड के सामने 307 रन का लक्ष्य रखा। इसके जवाब में कीवी टीम ने केन विलियम्सन और टॉम लाथम के बीच 221 रन की साझेदारी के चलते सात विकेट रहते लक्ष्य हासिल कर लिया। इस जीत के साथ ही न्यूजीलैंड ने तीन मैच की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली।
भारत और न्यूजीलैंड के बीच T-20 सीरीज खत्म होने के बाद अब वनडे सीरीज खेली जा रही है। भारत और न्यूजीलैंड के बीच वनडे सीरीज का पहला मुकाबला आज ऑकलैंड में खेला जा रहा है। सीनियर खिलाड़ी इस सीरीज में नहीं खेल रहे। शिखर धवन की कप्तानी में युवा टीम इंडिया मैदान पर उतरी है। वहीं, न्यूजीलैंड की कमान केन विलियम्सन संभाल रहे हैं। न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। भारत के लिए उमरान मलिक और अर्शदीप सिंह आज वनडे में डेब्यू कर रहे हैं। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने न्यूजीलैंड के सामने 307 रन का पहाड़ जैसा भारी-भरकम लक्ष्य रखा है।
लैथम ने जड़ा 76 गेंदों में शतक
भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले जा रहे वनडे मुकाबले में टॉम लैथम ने जबरदस्त बल्लेबाजी करते हुए महज 76 गेंदों में अपना शतक पूरा कर लिया है। उन्होंने शार्दुल के 8वें ओवर से कुल 25 रन बटोरे और भारत के खिलाफ अपना दूसरा शतका पूरा कर लिया। उन्होंने अपनी शतकीय पारी के दौरान 14 चौके और तीन छक्के भी लगाए।
