June 25, 2026

Hind foucs news

hindi new update

बागेश्वर धाम का विवाद पहुंचा कोर्ट, धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री पर आरोप लगाने वाले श्याम मानव पर केस चलाने की अर्जी

जबलपुर। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री पर लगे आरोपों में जारी जंग खत्म होती नहीं दिख रही है। एक तरफ खुद धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री खुद पर आरोप लगाने वालों को चुनौती दे रहे हैं। वहीं, अब उनके एक भक्त ने महाराष्ट्र अंधश्रद्धा निर्मूलन समिति के श्याम मानव पर केस चलाने की अर्जी कोर्ट में दी है। हिंदी अखबार ‘अमर उजाला’ की खबर के मुताबिक धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के शिष्य भीष्मदेव शर्मा ने जबलपुर के कोर्ट में श्याम मानव के खिलाफ अर्जी दी है। भीष्मदेव शर्मा कृषि विभाग के रिटायर्ड अफसर हैं। भीष्मदेव की वकील रश्मि पाठक हैं। उन्होंने कोर्ट में धारा 499 और 500 के तहत केस दर्ज कर आपराधिक मानहानि का मुकदमा चलाने की अर्जी दाखिल की है।

भीष्मदेव शर्मा की तरफ से कोर्ट में दाखिल अर्जी में कहा गया है कि आपराधिक साजिश रचकर बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की बेदाग छवि को नुकसान पहुंचाया गया। उनकी ख्याति को जानबूझकर नष्ट करने की कोशिश की गई। नागपुर में धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की कथा के दौरान 11 जनवरी को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर श्याम मानव ने सनातन धर्म प्रचारक का अपमान किया। बता दें कि श्याम मानव ने धीरेंद्र कृष्ण पर आम जनता से छल करने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था कि धीरेंद्र कृष्ण छल करके पैसा कमाते हैं। श्याम मानव ने धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को अंधश्रद्धा फैलाने का आरोपी भी करार दिया था।

इसके अलावा श्याम मानव ने जादू-टोना कानून 1954 और महाराष्ट्र के जादू कानून 2013 के तहत एफआईआर दर्ज कर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को गिरफ्तार करने की मांग भी की थी। इस मामले में नागपुर पुलिस ने धीरेंद्र कृष्ण को क्लीनचिट दे दी है। श्याम मानव के आरोपों के बाद धीरेंद्र कृष्ण ने भी मोर्चा खोल दिया था। उन्होंने 20 जनवरी को छत्तीसगढ़ के रायपुर में कहा था कि श्याम मानव उनके दरबार में आकर अपने आरोपों को साबित करके दिखाएं। तभी से ये मामला गरमाया हुआ है। धीरेंद्र कृष्ण ने खुद पर लगे आरोपों को सनातन धर्म के खिलाफ अभियान भी करार दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *