Pilot Vs Gehlot: अनशन के बाद अब दिल्ली आने वाले हैं सचिन पायलट
नई दिल्ली। सचिन पायलट ने मंगलवार को जयपुर में एक दिन का अनशन किया। उन्होंने वसुंधरा राजे की सरकार के दौर में हुए कथित भ्रष्टाचार पर कांग्रेस के राज में कार्रवाई न होने का हवाला देकर ये अनशन किया। अब खबर है कि सचिन पायलट दिल्ली आ रहे हैं। दिल्ली आकर वो किस नेता से मिलेंगे, इसका पता नहीं चला है। हालांकि, बीते कल खबर ये थी कि सचिन पायलट ने कांग्रेस के राजस्थान प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा से साफ कह दिया है कि वो राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे के अलावा किसी और से बातचीत नहीं करेंगे।
जानकारी ये भी है कि आज शाम को जयपुर में कांग्रेस की एक प्रेस कॉन्फ्रेंस होने वाली है। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में पार्टी की तरफ से बड़ा एलान किया जा सकता है। ताकि सचिन पायलट और सीएम अशोक गहलोत के बीच जारी जंग को फिलहाल थामा जा सके। राजस्थान में इसी साल चुनाव होने हैं और सचिन पायलट और अशोक गहलोत के बीच जंग से कांग्रेस का आलाकमान चिंता में है। वैसे कांग्रेस के मीडिया प्रभारी और सांसद जयराम रमेश पहले ही कह चुके हैं कि गहलोत ने राजस्थान के लिए काफी काम किया है और उनके काम की लोग काफी तारीफ भी कर रहे हैं।
साफ है कि कांग्रेस अभी अशोक गहलोत को तो सीएम पद से हटाने से रही। शायद दिल्ली में आलाकमान एक बार फिर सचिन पायलट को आगे कुछ बेहतर होने का भरोसा दे। सूत्रों का कहना है कि ऐसा ही भरोसा सचिन पायलट को कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने दिया था। वेणुगोपाल ने तब कहा था कि दिसंबर 2022 में राजस्थान के लिए पार्टी कुछ कदम उठाएगी। सूत्रों का कहना है कि इसके बाद भी कुछ नहीं हुआ। यहां तक कि वेणुगोपाल ने पायलट का फोन तक उठाना बंद कर दिया। सचिन पायलट और अशोक गहलोत के बीच जंग की शुरुआत 2020 में हुई थी। इस जंग में गहलोत ने पायलट के लिए गद्दार, नाकारा और बड़ा कोरोना जैसे शब्दों का इस्तेमाल तक किया था।
