May 1, 2026

Hind foucs news

hindi new update

शरद पवार के घर जाकर मिले उद्धव ठाकरे, शिंदे गुट ने बालासाहेब का हवाला दे बोला हमला

मुंबई। उद्धव ठाकरे ने एनसीपी चीफ शरद पवार से उनके घर जाकर मुलाकात की। इस मुलाकात ने एकनाथ शिंदे की शिवसेना को उद्धव पर निशाना साधने का मौका दे दिया। शिंदे सरकार में मंत्री शंभुराजे देसाई ने शिवसेना के संस्थापक बालासाहेब ठाकरे का नाम लेकर उद्धव पर जोरदार हमला बोला। शंभुराजे ने क्या कहा, ये हम आपको बताएंगे। पहले जान लीजिए कि आखिर उद्धव ठाकरे किस वजह से शरद पवार से मिलने गए थे। शरद पवार ने बीते दिनों अडानी मसले पर जेपीसी बिठाने की कांग्रेस और विपक्षी दलों की मांग से असहमति जताई थी। उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी के डिग्री विवाद को भी मुद्दा मानने से इनकार कर दिया था। जबकि, अडानी पर जेपीसी और मोदी की डिग्री मामले पर उद्धव ठाकरे विपक्ष के सुर में सुर मिला रहे हैं। माना जा रहा है कि शरद पवार ने मुलाकात के दौरान उद्धव को इन दोनों मामलों से अलग रहने की नसीहत दी है।

शरद पवार ने पहले ये भी कहा था कि उद्धव ठाकरे ने महाराष्ट्र के सीएम पद को छोड़ने से पहले महाविकास अघाड़ी गठबंधन के किसी नेता से सलाह तक नहीं ली थी। इसे भी उद्धव और पवार के बीच मुलाकात की वजह मानी जा रही है। बहरहाल पवार और उद्धव ठाकरे की मुलाकात के बाद शिंदे गुट को उद्धव पर निशाना साधने का मौका मिल गया। शंभुराजे देसाई ने उद्धव के पवार के घर जाने पर सवाल खड़े किए। शंभुराजे ने पुणे में मीडिया से कहा कि शरद पवार के घर उद्धव के जाने से असली शिवसैनिक आहत महसूस कर रहे हैं। उन्होंने बालासाहेब का नाम लेकर कहा कि उन्होंने इतना सम्मान हासिल किया कि कभी किसी नेता के यहां नहीं गए।

शंभुराजे देसाई ने कहा कि आखिर उद्धव ठाकरे किस वजह से शरद पवार के यहां गए थे। उन्होंने कहा कि 25 साल तक शिवसेना और बीजेपी का गठबंधन रहा। ढाई साल तक उद्धव ठाकरे ने इस गठबंधन को तोड़कर रखा और एनसीपी-कांग्रेस से हाथ मिला लिया। अब फिर शिवसेना और बीजेपी में गठबंधन है। शंभुराजे के इस हमले पर अभी उद्धव खेमे से प्रतिक्रिया नहीं आई है। माना जा रहा है कि उनकी पवार से मुलाकात का मसला अभी गरमाया रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *