May 13, 2026

Hind foucs news

hindi new update

Loksabha Election : ‘संसद में केजरीवाल तो दिल्ली होगी और खुशहाल’, लोकसभा चुनाव के लिए आप का नया नारा

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी ने आज दिल्ली में लोकसभा चुनाव के लिए प्रचार अभियान की शुरूआत कर दी। इस मौके पर आम आदमी पार्टी की ओर से आम चुनाव के लिए नया चुनावी नारा ‘संसद में केजरीवाल तो दिल्ली होगी और खुशहाल’ जारी किया गया।

दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल और पंजाब के सीएम भगवंत मान समेत कई पार्टी नेताओं ने शुक्रवार को पार्टी का लोकसभा चुनाव कैंपेन का नारा लॉन्च किया। इस दौरान केजरीवाल ने कहा कि मैं दिल्ली के हर परिवार का बेटा हूं। मैं दिल्ली के लिए अकेला लड़ रहा हूं। आम आदमी पार्टी के सात सांसद होंगे तो वे भी दिल्ली के लिए लड़ेंगे। मुझे दिल्ली और दिल्ली को मेरी जरूरत है। हमने दिल्ली में नौ साल में 30 फ्लाईओवर बनाए, बिजली मुफ्त की। भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि दिल्ली के मोहल्ला क्लीनिक तोड़े गए। दिल्ली में योजनाएं बंद कराई जा रही हैं। योगा योजना भी इन्होंने बंद करवा दी। उपराज्यपाल ने फरिश्ते स्किम को बंद कर दिया। न तो ये लोग खुद कुछ करेंगे और न ही हमें करने देंगे।

वहीं केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए पंजाब सीएम भगवंत मान ने कहा कि केंद्र दिल्ली के साथ अन्याय कर रहा है। इन्होंने जलबोर्ड को बर्बाद कर दिया। दिल्ली में हर योजना को रोका जा रहा है। केजरीवाल आपकी लड़ाई अकेले लड़ रहे हैं। आपको बता दें कि आम आदमी पार्टी और कांग्रेस गुजरात, दिल्ली, हरियाणा, गोवा और चंडीगढ़ में गठबंधन में चुनाव लड़ेंगी। इस गठबंधन के तहत दिल्ली की सात सीटों के लिए आम आदमी पार्टी चार और कांग्रेस तीन प्रत्याशी उतारेगी। चंडीगढ़ लोकसभा सीट और गोवा की दोनों सीटों पर कांग्रेस प्रत्याशी उतारेगी। जबकि हरियाणा में 9 सीटों पर कांग्रेस और एक सीट पर आम आदमी पार्टी चुनाव लड़ेगी। वहीं गुजरात में आम आदमी पार्टी दो सीटों और कांग्रेस 24 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। इसके उलट पंजाब में आम आदमी पार्टी ने अकेले चुनाव लड़ने का फैसला किया है।