June 29, 2026

Hind foucs news

hindi new update

Mahakal Temple Fire: उज्जैन में महाकाल मंदिर के गर्भगृह में लगी आग, पुजारियों समेत 13 झुलसे

उज्जैन। मध्यप्रदेश के उज्जैन स्थित महाकालेश्वर मंदिर में होली के दिन सुबह बड़ा हादसा हुआ है। यहां भस्म आरती के दौरान महाकाल मंदिर के गर्भगृह में आग लग गई। इस आग में 5 पुजारियों समेत 13 लोगों के झुलसने की खबर है। होली का दिन होने के कारण महाकाल मंदिर में भक्तों की काफी संख्या थी। महाकाल मंदिर के गर्भगृह में आग लगने से झुलसे सभी लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। खबर लिखे जाने तक डॉक्टर इन सभी को जरूरी चिकित्सा सेवा दे रहे थे। आग लगने की वजह गुलाल बताया जा रहा है।

अब तक मिली जानकारी के मुताबिक महाकाल मंदिर में भस्म आरती चल रही थी। होली का मौका होने के कारण भगवान महाकाल के शिवलिंग के दर्शन करने के लिए काफी भक्त भी मौजूद थे। भस्म आरती के दौरान ही महाकाल मंदिर के गर्भगृह में गुलाल डाला गया और इससे वहां अचानक आग लग गई। महाकाल मंदिर के गर्भगृह में धुलेंडी के कारण कवर लगाया गया है। आग फैली और कवर को अपनी चपेट में ले लिया। जानकारी के अनुसार आग के कारण कवर नीचे गिर गया और महाकाल मंदिर के पुजारी व श्रद्धालु उसकी चपेट में आ गए।

महाकाल मंदिर के गर्भगृह में हुए अग्निकांड को देखकर लोग सन्न रह गए। आग फैलते देखकर यहां दहशत का माहौल बन गया। चीखपुकार मच गई। आग से झुलसे लोगों को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया। आग से बड़ी क्षति नहीं हुई है और अस्पताल में भर्ती सभी लोग ठीक बताए जा रहे हैं। महाकाल मंदिर में भस्म आरती हर सुबह होती है। इसमें बड़ी तादाद में भक्त शामिल होते हैं। भस्म आरती के दौरान कई बार महाकाल मंदिर में वीआईपी भी रहते हैं। गुलाल की वजह से आग पकड़ने का मामला लोगों को हैरत में डाल रहा है। हर साल महाकाल मंदिर में इसी तरह होली का त्योहार मनाया जाता है। महाकाल मंदिर में रविवार को फूलों से भी होली खेली गई थी।