April 26, 2026

Hind foucs news

hindi new update

कुरुक्षेत्र सीट हारने वाली आम आदमी पार्टी ने सहयोगी कांग्रेस पर भ्रूण हत्या करने का लगाया आरोप,रणदीप सुरजेवाला को कटघरे में खड़ा किया

नई दिल्ली। दिल्ली और हरियाणा की लोकसभा सीटों में से एक पर भी आम आदमी पार्टी का प्रत्याशी नहीं जीत सका। दिल्ली में आम आदमी पार्टी ने 4 सीटों पर लोकसभा चुनाव लड़ा था। वहीं, हरियाणा में कांग्रेस ने आम आदमी पार्टी को कुरुक्षेत्र की सीट दी थी। कुरुक्षेत्र की सीट पर आम आदमी पार्टी का प्रत्याशी हार गया और अब अरविंद केजरीवाल की पार्टी ने इसके लिए कांग्रेस के नेताओं को कटघरे में खड़ा कर दिया है।

हरियाणा में आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष और पूर्व पत्रकार अनुराग ढांडा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस पर सवाल खड़े किए। अनुराग ढांडा ने कहा कि कुछ ताकतों ने हरियाणा में आम आदमी पार्टी की भ्रूण हत्या की कोशिश की। अनुराग ढांडा ने कहा कि इन ताकतों को लगा कि अगर कुरुक्षेत्र में आम आदमी पार्टी का प्रत्याशी जीता, तो हरियाणा की राजनीति में तूफान आएगा और बड़े राजनीतिक दलों की दिक्कत बढ़ जाएगी। आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनुराग ढांडा ने कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला पर भी अंगुली उठा दी। उन्होंने कहा कि कैथल में सुरजेवाला को कद्दावर नेता समझा जाता है। उन्होंने कहा कि सुरजेवाला के क्षेत्र में गठबंधन का प्रत्याशी 17000 वोट से पीछे रहा। इसके अलावा कांग्रेस के बड़े नेताओं और विधायकों के क्षेत्र में भी आम आदमी पार्टी को वोट नहीं मिले। जिस बूथ पर सुरजेवाला ने वोट डाला, वहां भी आम आदमी पार्टी का प्रत्याशी हार गया।

अनुराग ढांडा ने कहा की पूर्व सीएम हुड्डा के करीबी अशोक अरोड़ा के विधानसभा क्षेत्र में भी आम आदमी पार्टी यानी गठबंधन के प्रत्याशी को 18000 वोट से हार का सामना करना पड़ा। आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष ने कहा कि इससे साबित होता है कि सुरजेवाला और अरोड़ा को लोगों ने नकार दिया है। रणदीप सुरजेवाला का बड़ा कद है, इस वजह से सवाल जरूर उठेंगे। बता दें कि इससे पहले दिल्ली के मंत्री गोपाल राय ने भी बयान दिया था कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच लोकसभा चुनाव के लिए ही गठबंधन हुआ था और अब केजरीवाल की पार्टी अगला विधानसभा चुनाव अपने दम पर ही लड़ेगी।