April 26, 2026

Hind foucs news

hindi new update

पाकिस्तान के उच्चायोग में भारतीय महिला से छेड़छाड़, प्रभारी साद अहमद वराइच पर आरोपी के खिलाफ एक्शन न लेने का आरोप

नई दिल्ली। पाकिस्तान हमेशा गलत वजहों से चर्चा में रहता है। दिल्ली स्थित पाकिस्तान के उच्चायोग में महिला से छेड़छाड़ की खबर है। ये महिला भारतीय है और पाकिस्तान के उच्चायोग के प्रभारी साद अहमद वराइच के यहां घरेलू काम करती थी। आरोप है कि साद अहमद वराइच के रसोइये मिन्हाज हुसैन ने उससे छेड़छाड़ और यौन संबंध बनाने की मांग की। दिल्ली पुलिस ने महिला की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है। सरकार की तरफ से आरोपी मिन्हाज हुसैन को वापस पाकिस्तान भेजने के लिए कहा गया। जिसके बाद पाकिस्तान उच्चायोग ने उसे वापस अपने देश भेज दिया।

महिला ने दिल्ली पुलिस को शिकायत दी कि मिन्हाज हुसैन फरवरी 2024 में भारत आया। तभी से वो लगातार खराब व्यवहार कर रहा था। मिन्हाज हुसैन पर महिला ने आरोप लगाया कि वो लगातार अश्लील हरकतें और यौन संबंध बनाने के लिए कहता था। महिला ने इसके बाद 28 जून को तिलक मार्ग थाने पर मिन्हाज हुसैन के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। महिला का कहना है कि उसने पाकिस्तान उच्चायोग के प्रभारी साद अहमद वराइच से मिन्हाज हुसैन की शिकायत की थी। बकरीद पर मिन्हाज पाकिस्तान चला गया था। फिर वो लौट आया। जिसके बाद महिला से कहा गया कि वो 30 जून तक साद अहमद वराइच के यहां काम छोड़ दे। इस व्यवहार से महिला पूरी तरह टूट गई। जिसके बाद उसने पुलिस से शिकायत करने का फैसला किया।

इस मामले में अभी तक पाकिस्तानी उच्चायोग की तरफ से बयान नहीं आया है। न्यूज चैनल आजतक के मुताबिक आरोपी मिन्हाज हुसैन को 30 जून 2024 को वापस पाकिस्तान भेज दिया गया है। पाकिस्तान के उच्चायोग में इस तरह की ये पहली घटना नहीं है। जनवरी 2023 में एक कॉलेज प्रोफेसर ने भी आरोप लगाया था कि जब 2021 में वो पाकिस्तान जाने के लिए वीजा लेने उच्चायोग गई, तो वहां वरिष्ठ कर्मचारियों ने उनके यौन शोषण की कोशिश की थी।