April 26, 2026

Hind foucs news

hindi new update

आखिर क्यों फतेहपुर के युवक का पीछा नहीं छोड़ रहा सांप? डेढ़ महीने में छठी बार डसा, वो जहां भी जाता है, सांप वहीं आकर काट लेता है

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर के रहने वाले युवक विकास दुबे को फिर से सांप ने काट लिया है। डेढ़ महीने के अंदर विकास को छठी बार सांप ने काटा है। हैरानी वाली बात यह है कि विकास इससे पहले सांप से बचने के लिए अपनी मौसी के यहां गया था लेकिन सांप ने वहां आकर भी उसे डस लिया। मौसी के घर के बाद जब विकास चाचा के यहां पहुंचा तो सांप ने यहां भी उसका पीछा नहीं छोड़ा और छठी बार डस लिया। विकास फिलहाल अस्पताल में भर्ती और उसकी हालत खतरे बाहर है। हर कोई इस अजीबोगरीब घटना को लेकर पशोपेश में है वहीं विकास और उसके घरवाले समझ नहीं पा रहे हैं कि आखिर सांप क्यों विकास के पीछे पड़ा है और उससे कैसे छुटकारा पाया जाए?

आपको बता दें कि पूरा मामला फतेहपुर जिले के मलवा थाना क्षेत्र के सौरा गांव का है। विकास को पहली बार 2 जून की रात सांप ने काटा था। परिवार वाले उसे निजी नर्सिंग होम ले गए, जहां दो दिन भर्ती रहने के बाद वह ठीक हो गया। 10 जून की रात को विकास को फिर से सांप ने काटा। परिवार वाले उसे फिर अस्पताल ले गए और वह फिर से ठीक हो गया। 17 जून को विकास को जब तीसरी बार सांप ने काटा, तो विकास और उसके परिवार वाले चिंतित हो गए। इस घटना के चार दिन बाद विकास को चौथी बार सांप ने काट लिया। हालांकि वो इलाज के बाद फिर से ठीक हो गया।

विकास को लोगों ने सुझाव दिया कि कुछ दिन घर छोड़कर कहीं और चला जाए। इसके बाद विकास राधानगर में अपनी मौसी के घर चला गया। मगर यहां भी सांप ने उसका पीछा नहीं छोड़ा और पांचवीं बार काट लिया। एक बार फिर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया और वो ठीक हो गया। अस्पताल से डिस्चार्ज होकर विकास अपने चाचा के घर चला गया मगर हद तो तब हो गई जब सांप ने चाचा के घर पहुंचकर विकास को छठी बार डस लिया।