April 26, 2026

Hind foucs news

hindi new update

आईएएस कोचिंग हादसे के बाद जेई और एई सस्पेंड, ओल्ड राजेंद्र नगर में नालों पर अतिक्रमण हटाने के लिए चलाया जा रहा बुलडोजर

नई दिल्ली। दिल्ली के ओल्ड राजेंद्र नगर में आईएएस कोचिंग में हुए हादसे के बाद अब प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है। दिल्ली नगर निगम के कमिश्नर दिल्ली अश्वनी कुमार ने स्थानीय जूनियर इंजीनियर (जेई) और सहायक इंजीनियर (एई) को सस्पेंड कर दिया है। वहीं पुलिस ने इस मामले में आज पांच और लोगों को गिरफ्तार किया है। इसी के साथ अब तक कुल सात लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। गिरफ्तार किए गए लोगों में राव आईएएस कोचिंग सेंटर के मालिक अभिषेक गुप्ता और को-ऑर्डिनेटर भी शामिल है।

दूसरी तरफ, दिल्ली नगर निगम ने कोचिंग इंस्टीट्यूट के बाहर नालों पर अतिक्रमण हटाने के लिए भी कार्रवाई शुरू कर दी है। एमसीडी द्वारा बुलडोजर के माध्यम से अवैध निर्माण को ध्वस्त किया जा रहा है। मौके पर दिल्ली नगर निगम के कई बड़े अधिकारी और बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद है।

इससे पहले 13 आईएएस कोचिंग सेंटरों में बने बेसमेंट को एमसीडी के अधिकारियों द्वारा सील कर दिया गया। एमसीडी ने द्वारा सीलिंग की कार्रवाई के बाद इन पर नोटिस भी चस्पा कर दिया गया है। दिल्ली के उप राज्यपाल वीके सक्सेना ने इस पूरे मामले की आयुक्त से रिपोर्ट मांगी है। इस बीच आम आदमी पार्टी की सरकार को इस घटना के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए बीजेपी कार्यकर्ता आप कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर रहे हैं।

आम आदमी पार्टी कार्यालय के बाहर बड़ी संख्या में मौजूद बीजेपी कार्यकर्ताओं को वहां से हटाने के लिए पुलिस द्वारा पानी की बौछार की जा रही है। आपको बता दें कि शनिवार रात बारिश के कारण राव आईएएस कोचिंग सेंटर के बेसमेंट में बनी लाइब्रेरी में अचानक पानी भरने से ये हादसा हो गया। इस हादसे में श्रेया, तान्या और नेविन तीन स्टूडेंट्स की मौत हो गई है। श्रेया यूपी के अंबेडकरनगर की रहने वाली थी, जबकि तान्या तेलंगाना और नेविन डालविन केरल का रहने वाला था। ये तीनों आईएएस की कोचिंग कर रहे थे।