उदयपुर चाकूबाजी में मृत छात्र का कड़ी सुरक्षा के बीच अंतिम संस्कार, जानिए बेटे की मौत पर पीड़ित पिता ने क्या कहा
नई दिल्ली। राजस्थान के उदयपुर में चाकूबाजी में जान गंवाने वाले 10वीं कक्षा के छात्र देवराज का आज कड़ी सुरक्षा के बीच अंतिम संस्कार किया गया। देवराज की कल एमबी अस्पताल में मौत हो गई थी। उधर, उदयपुर में हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं। नाबालिग छात्र की मौत पर लोगों में आक्रोश है जिसके चलते मोबाइल इंटरनेट को बैन कर दिया गया है। वहीं स्कूल और कॉलेज भी आज बंद रहे। इस बीच मृतक छात्र के पिता का कहना है कि उनके बेटे की हत्या सोची-समझी साजिश के तहत की गई है। उन्होंने दोषी को कड़ी से कड़ी सजा की मांग की है।
पीड़ित पिता ने कहा कि मैं चाहता हूं जो मेरे साथ हुआ वो किसी और के साथ न हो इसलिए दोषी बचने नहीं चाहिए। सरकार की तरफ से पीड़ित परिवार को 51 लाख रुपए बतौर मुआवजा और घर के किसी एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने का ऐलान किया गया है। गौरतलब है कि उदयपुर के सूरजपोल थाना क्षेत्र के भट्ठियानी चौहट्टा स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में 10वीं कक्षा में पढ़ने वाले विशेष समुदाय के एक छात्र ने शुक्रवार को दूसरे छात्र को चाकू मार दी थी। इस घटना के बाद हिंदू संगठन के लोग इकट्ठा हो गए और हंगामा करने लगे।
दोनों छात्रों के अलग-अलग समुदाय के होने के चलते विरोध सांप्रदायिक हिंसा में बदल गया। लोगों ने शहर के कई क्षेत्रों में जमकर उत्पात मचाया और बाजार बंद करा दिए। इसके बाद कई दुकानों और शॉपिंग मॉल में प्रदर्शनकारियों ने तोड़फोड़ शुरू कर दी। पार्किंग में खड़ी कई गाड़ियों में आग भी लगा दी थी। पुलिस ने धारा 144 लागू कर दी थी और एहतियात के तौर पर शहर में लगभग 48 घंटे तक मोबाइल इंटरनेट बैन कर दिया गया था। इस घटना के अगले दिन शनिवार को जिला प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए आरोपी छात्र के अवैध मकान को बुलडोजर द्वारा ध्वस्त कर दिया था। फिलहाल आरोपी छात्र को जुवेनाइल कोर्ट ने किशोर गृह में भेज दिया है जबकि उसके पिता को पुलिस ने जेल भेज दिया है।
