April 26, 2026

Hind foucs news

hindi new update

विनेश फोगाट की जुलाना सीट पर ये है वोटों का समीकरण

नई दिल्ली। कांग्रेस ने पहलवान विनेश फोगाट को हरियाणा विधानसभा चुनाव में उम्मीदवार बनाया है। विनेश फोगाट को कांग्रेस ने जुलाना से टिकट दिया है। जुलाना सीट के लिए अब तक बीजेपी ने कोई उम्मीदवार नहीं उतारा है। हालांकि, एबीपी न्यूज ने खबर दी है कि जुलाना से विनेश फोगाट के खिलाफ बीजेपी अब किसी ब्राह्मण प्रत्याशी को मैदान में उतार सकती है। हालांकि, जुलाना में जाट वोटरों की तादाद कुल वोटरों की करीब आधी है। वहीं, जुलाना में ब्राह्मणों की भी खासी आबादी है।

जुलाना विधानसभा सीट हरियाणा के जींद जिले में आती है। जुलाना के ही बख्ता खेड़ा में विनेश फोगाट की ससुराल भी है। विनेश फोगाट के ससुर राजपाल राठी तो प्रचार में उतर भी चुके हैं और कांग्रेस के लिए वोट जुटाने की खातिर खाप नेताओं से भी उनके मिलने की खबर है। विनेश फोगाट के भाई हरविंदर और बलाली भी यहां प्रचार का जिम्मा संभाले हुए हैं। जानकारी के मुताबिक रविवार से विनेश फोगाट प्रचार करेंगी। जुलाना विधानसभा सीट की बात करें, तो 13 विधानसभा चुनाव में यहां कांग्रेस सिर्फ 4 बार जीती है। पिछली बार यहां से जेजेपी के अमरजीत ढांडा जीते थे। वहीं, आईएनएलडी भी जुलाना विधानसभा सीट को 2009 और 2014 में जीत चुकी है।

वहीं, विनेश फोगाट को कांग्रेस का टिकट मिलने पर बृजभूषण शरण सिंह का बयान आया है। बृजभूषण शरण सिंह ने विनेश फोगाट के बारे में कहा कि उनको बीजेपी का कोई भी नेता हरा देगा। बृजभूषण शरण सिंह ने ये भी कहा है कि पहलवानों ने नहीं, कांग्रेस ने उनके खिलाफ आंदोलन किया था और हुड्डा परिवार का इसमें हाथ है। बृजभूषण ने ये भी कहा कि विनेश फोगाट फर्जीवाड़ा करके पेरिस ओलंपिक में गई थीं। उनको भगवान ने सजा दे दी। बृजभूषण पर विनेश फोगाट, साक्षी मलिक और बजरंग पुनिया ने यौन शोषण का आरोप लगाकर खूब आंदोलन किया था। इस आंदोलन में किसान नेता, खाप पंचायतों के नेता और प्रियंका गांधी समेत कांग्रेस के कई नेता शामिल हुए थे और पहलवानों को समर्थन दिया था। खास बात ये भी है कि विनेश फोगाट जब हाल ही में किसान आंदोलन में गई थीं, तब सियासत में आने के बारे में कहा था कि इस क्षेत्र की समझ उनको नहीं है। फिर वो राहुल गांधी से मिलीं और रेलवे के ओएसडी पद से इस्तीफा देकर अब जुलाना से कांग्रेस की उम्मीदवार बनी हैं।