April 26, 2026

Hind foucs news

hindi new update

कांग्रेस से गठबंधन न होने पर…., जानिए हरियाणा विधानसभा चुनाव में क्या कदम उठा सकती है अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी?

नई दिल्ली। हरियाणा विधानसभा के चुनाव 5 अक्टूबर को होने वाले हैं। हरियाणा में विधानसभा की 90 सीट हैं। हरियाणा में बीते 10 साल से बीजेपी की सरकार है। 2014 में बीजेपी ने हरियाणा में बहुमत हासिल किया था। 2019 में बीजेपी बहुमत से कम रह गई। फिर उसने दुष्यंत चौटाला की जेजेपी से मिलकर सरकार बनाई। इस बार कांग्रेस और आम आदमी पार्टी समेत विपक्षी दल बीजेपी को हरियाणा की सत्ता में तीसरी बार आने से रोकने की कोशिश में जुटे हैं। इसी कोशिश के तहत कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच गठबंधन के लिए कई दौर की बात भी हुई, लेकिन ये गठबंधन अब तक नहीं हुआ है। अब खबर है कि आम आदमी पार्टी हरियाणा की सभी 90 सीट पर अपने उम्मीदवार उतारने का फैसला कर सकती है।

कांग्रेस की तरफ से केसी वेणुगोपाल और आम आदमी पार्टी की तरफ से राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने हरियाणा में गठबंधन के लिए कई बार बैठक की। राघव चड्ढा ने कहा था कि देश और हरियाणा के हित में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी का गठबंधन जरूरी है। हालांकि, इस बारे में अब तक कांग्रेस की तरफ से कुछ नहीं कहा गया है। खबर ये है कि आम आदमी पार्टी जितनी सीट मांग रही है, उतने देने को कांग्रेस राजी नहीं है। साथ ही कांग्रेस हरियाणा की ऐसी सीटें आम आदमी पार्टी को देना चाहती है, जिन पर बीजेपी मजबूत स्थिति में है। इन्हीं पेच की वजह से आम आदमी पार्टी और कांग्रेस में पटरी नहीं बैठ पा रही। वहीं, कांग्रेस की तरफ से रणदीप सिंह सुरजेवाला ने भी आम आदमी पार्टी से किसी भी गठबंधन के खिलाफ आवाज उठाई है। खास बात ये है कि राहुल गांधी ने ही कांग्रेस नेताओं से कहा था कि वो हरियाणा में आम आदमी पार्टी से गठबंधन की संभावना तलाशें।

अब अगर आम आदमी पार्टी अपने दम पर चुनाव लड़ती है, तो हरियाणा की हर विधानसभा सीट पर बहुकोणीय मुकाबला होना तय है। हरियाणा में कांग्रेस और बीजेपी के अलावा बीएसपी, सपा, आईएनएलडी और जेजेपी भी ताल ठोकने जा रहे हैं। बहुकोणीय मुकाबला होने पर विपक्ष के वोट बंटेंगे और इससे उनको नुकसान होने का बड़ा अंदेशा है। कांग्रेस ने तो 32 उम्मीदवारों की लिस्ट भी जारी कर दी है। बीजेपी और जेजेपी ने भी अपने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी की थी। वहीं, आम आदमी पार्टी की अब तक लिस्ट नहीं आई है।