त्योहार का सीजन आने से ठीक पहले सोने की बढ़ी चमक, जानिए आप किस भाव पर खरीद सकते हैं?
नई दिल्ली। बस कुछ दिन बचे हैं और पितृ पक्ष के बाद त्योहारों का सीजन शुरू होने जा रहा है। ऐसे में सोना भी त्योहारी सीजन से पहले अपनी चमक बढ़ाता दिख रहा है। भारत में सोना 76 हजार रुपए प्रति 10 ग्राम की कीमत से ज्यादा हो चुका है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने की कीमत में उछाल आया है। इस तरह सोने की कीमत नया रिकॉर्ड बना चुकी है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट में सोने पर आयात शुल्क घटाया था। ऐसे में सोना कुछ दिन सस्ता हुआ, लेकिन अब इसके भाव एक बार फिर बढ़ रहे हैं।
अमेरिका में सोने के फ्यूचर के भाव 2661.60 डॉलर प्रति औंस हो गए हैं। वहीं, स्पॉट गोल्ड का भाव भी उचलकर 2683.37 डॉलर जा पहुंचा है। वहीं, भारत में 24 कैरेट के 10 ग्राम सोने की कीमत 76300 रुपए तक जा पहुंची है। माना जा रहा है कि दिवाली और उसके बाद शादियों का सीजन आने पर सोना लगातार नए रिकॉर्ड बनाएगा। दिवाली और खासकर धनतेरस के मौके पर भारत में सोने की खपत ज्यादा रहती है। इसके अलावा शादी में जेवर दिए जाने की पुरानी परंपरा भी है। इस कारण भी सोने की कीमत में हर साल उछाल आता है। सोने की कीमत इस साल के अंत तक 78000 रुपए प्रति 10 ग्राम होने के पूरे आसार दिख रहे हैं।
अगर सोने की कीमत लगातार इसी तरह बढ़ती रही, तो 2025 में 24 कैरेट सोने की कीमत 100000 रुपए प्रति 10 ग्राम भी हो सकती है। सोने ने पिछले सालों में निवेशकों को बेहतर रिटर्न भी दिया है। सोने पर सरकार सिर्फ 3 फीसदी जीएसटी लेती है। इस वजह से भी निवेशक सोना खरीदने में उत्साह दिखाते हैं। जानकारों के मुताबिक अगर आप सोने में निवेश करते हैं, तो 6-7 साल में ही आपकी लगाई रकम दोगुनी हो जाती है। सोने के प्रति लोगों का रुझान देखते हुए गोल्ड बॉण्ड भी बैंकों के जरिए रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया लाता है।
