हरियाणा विधानसभा की 90 सीटों पर हो रही वोटिंग, जानिए किस सीट से कौन दिग्गज नेता आजमा रहा किस्मत
चंडीगढ़। आज हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग हो रही है। हरियाणा में विधानसभा की 90 सीटें हैं। हरियाणा विधानसभा चुनाव में 1031 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। हरियाणा विधानसभा चुनाव में 2.03 करोड़ लोग वोट डालेंगे। इनमें 1.07 करोड़ पुरुष और 95 लाख महिला वोटर हैं। कुल वोटरों में 5.24 लाख युवा हैं। चुनाव आयोग ने हरियाणा में वोट डालने के लिए 20629 पोलिंग स्टेशन बनाए हैं। हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए आज पड़ रहे वोटों की गिनती 8 अक्टूबर को होगी।
हरियाणा में बीते 10 साल से बीजेपी की सरकार रही है। 2019 में बीजेपी को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला था और उसने दुष्यंत चौटाला की जेजेपी के साथ मिलकर सत्ता हासिल की थी। मनोहर लाल खट्टर तब सीएम बने थे। लोकसभा चुनाव में मनोहर लाल खट्टर को बीजेपी ने उतारा और उनकी जगह नायब सिंह सैनी को हरियाणा का सीएम बनाया था। इस बार बीजेपी को सत्ता में न आने देने के लिए मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने जी-जान लगाई। कांग्रेस के अलावा चुनावी समर में आम आदमी पार्टी, जेजेपी और चंद्रशेखर की आजाद समाज पार्टी का गठबंधन, आईएनएलडी और बीएसपी का गठबंधन भी उतरा है।
हरियाणा के दिग्गज उम्मीदवारों की बात करें, तो लाडवा से सीएम नायब सिंह सैनी मैदान में हैं। वहीं, गढ़ी सांपला-किलोई से पूर्व सीएम और कांग्रेस के प्रत्याशी भूपेंद्र सिंह हुड्डा किस्मत आजमा रहे हैं। उचाना कलां से दुष्यंत चौटाला ताल ठोक रहे हैं। जबकि, ऐलनाबाद से आईएनएलडी के अभय चौटाला भी मैदान में हैं। हरियाणा की अंबाला कैंट सीट से पूर्व गृह मंत्री अनिल विज एक बार फिर बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं। सिरसा में हरियाणा लोकहित पार्टी के गोपाल कांडा और हिसार सीट से देश की सबसे अमीर महिला सावित्री जिंदल निर्दलीय के तौर पर चुनाव लड़ रहे हैं। जुलाना सीट से पहलवान विनेश फोगाट को कांग्रेस ने उतारा है। रानिया सीट से रणजीत चौटाला निर्दलीय के तौर पर भाग्य आजमा रहे हैं। वहीं, कैथल सीट पर कांग्रेस के उम्मीदवार आदित्य सुरजेवाला हैं। उनके पिता रणदीप सुरजेवाला कांग्रेस सांसद और पार्टी के बड़े नेता हैं। बीजेपी सांसद किरण चौधरी की बेटी श्रुति चौधरी भी हरियाणा चुनाव के अखाड़े में कूदी हैं।
