April 25, 2026

Hind foucs news

hindi new update

दिल्ली सीएम आवास विवाद पर आम आदमी पार्टी और बीजेपी आमने-सामने

नई दिल्ली। दिल्ली में मुख्यमंत्री आवास को लेकर जारी विवाद के बीच आज आम आदमी पार्टी और बीजेपी आमने सामने आ गई है। आम आदमी पार्टी की तरफ से सीएम आतिशी की फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट की गई है। इस फोटो में सीएम आतिशी अपने निजी आवास पर फाइल में काम कर रही हैं जबकि पूरा कमरा गत्ते के डिब्बों से भरा हुआ है। आप ने इस फोटो को शेयर करते हुए लिखा, दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना सीएम आतिशी का आवास छीनकर उनका सामान तो बाहर फिकवा सकते हैं लेकिन जनता की सेवा और काम करने के जज्बे को नहीं छीन सकते।

आप ने लिखा, सीएम आतिशी ने अपने निजी आवास से ही दिल्ली की जनता का काम शुरू कर दिया। हमें दिल्ली की जनता की सेवा करने से कोई नहीं रोक सकता। वहीं इस पर प्रतिक्रिया देते हुए बीजेपी नेता शाजिया इल्मी ने कहा कि चाहे देश के प्रधानमंत्री हों, मुख्यमंत्री हों, मंत्री हों, सांसद हों, विधायक हों या कोई भी सरकारी अधिकारी, जब भी वे अपना बंगला खाली करते हैं या दूसरी जगह जाते हैं, तो पीडब्ल्यूडी (लोक निर्माण विभाग) उस बंगले को पहले अपने कब्जे में लेता है। उसका निरीक्षण करता है, जांच करता है और फिर उस बंगले का नया आवंटन किया जाता है। ऐसे में सवाल यह है कि केजरीवाल के इस बंगले के अंदर क्या रहस्य हैं? केजरीवाल क्या छिपाने की कोशिश कर रहे हैं जो उन्होंने पीडब्ल्यूडी को बंगला हैंडओवर किए बिना ही आतिशी को उसमें अनाधिकृत तरीके से शिफ्ट कराने का प्रयास किया।

दूसरी तरफ इस मामले में दिल्ली के पूर्व मुख्य सचिव उमेश सहगल का कहना है कि हर चीज की एक प्रक्रिया होती है। भले ही एक मुख्यमंत्री ने बंगला खाली किया लेकिन दूसरे को उसमें शिफ्ट होने के लिए ऑर्डर तो होना चाहिए। उन्होंने कहा, मुझे तो यह भी यकीन नहीं है कि केजरीवाल ने सरकारी बंगला खाली किया भी है या नहीं।