‘आतंकियों की है पीएम मोदी की पार्टी’, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने अर्बन नक्सल कहे जाने पर बिगाड़े बोल
नई दिल्ली। पीएम नरेंद्र मोदी की तरफ से कांग्रेस को अर्बन नक्सल की पार्टी कहे जाने पर अब कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बोल बिगाड़ते हुए बीजेपी को आतंकियों की पार्टी कह दिया है। मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा है कि जो लोग अल्पसंख्यकों को धमकाते आदिवासियों का रेप करते हैं और लिंचिंग करते हैं, पीएम मोदी उनका समर्थन करते हैं। खरगे ने बीजेपी और पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि वे देश की बात नहीं करते। खरगे ने कहा कि बुद्धिजीवी को पीएम अर्बन नक्सल कहते हैं। खरगे ने कहा कि जहां भी बीजेपी की सरकार है, वहां अनुसूचित जाति यानी एससी र अत्याचार होता है, आदिवासियों पर भी अत्याचार होता है। सरकार तुम्हारी है। तुम कंट्रोल कर सकते हो, लेकिन पीएम मोदी की आदत है ऐसा बोलने की। खरगे ने कहा कि देश और लोगों के बारे में कम बोलते हैं और पार्टी के बारे में ज्यादा बोलते हैं। सुनिए मल्लिकार्जुन खरगे का बयान।
कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के बयान पर भी निशाना साधा। मोहन भागवत ने विजयादशमी कार्यक्रम में कहा था कि बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार हो रहा है। उन्होंने कहा था कि अल्पसंख्यकों को निशाना बनाया जा रहा है। भागवत ने ये भी कहा था कि अन्याय का प्रतिकार न करना गलत है। इस पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि किसी देश को अत्याचार नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जैसे हम अल्पसंख्यकों की रक्षा करते हैं, वैसे ही उनकी भी जिम्मेदारी है। अगर ये नहीं करेंगे, तो अच्छा नहीं है। खरगे ने कहा कि ऐसा करने वाले ही बांट रहे हैं। जो पार्टी एकता नहीं चाहती, उसे खुद भागवत समर्थन देते हैं। खरगे ने आगे कहा कि संविधान और आरक्षण की बात तुम करो और अब दूसरों को बुद्धि दे रहे हैं।
हरियाणा में कांग्रेस की हार पर खरगे ने कहा कि उस पर पार्टी रिपोर्ट मंगा रही है। रिपोर्ट आने के बाद सब पता चल जाएगा। उन्होंने कहा कि पूरा देश और बीजेपी के नेता तक कह रहे थे कि हरियाणा में कांग्रेस जीत रही है। खरगे ने सवाल उठाया कि सबके कहने के बावजूद ऐसी कौन सी वजह थी जिसकी वजह से कांग्रेस की पराजय हुई? खरगे ने कहा कि हरियाणा में कोई गठबंधन नहीं था। अगर हम जीतते, तो बहुत लोग इसका श्रेय लेते और हारते, तो बहुत लोग आलोचना करते।
