April 26, 2026

Hind foucs news

hindi new update

तय हो गई तारीख, अब इस दिन होगा हरियाणा की नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह

नई दिल्ली। हरियाणा में बीजेपी की नई सरकार के शपथ ग्रहण का दिन और समय तय हो गया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 17 अक्टूबर को एक बार फिर प्रदेश के सीएम पद की शपथ लेंगे। पंचकूला के दशहरा मैदान में सुबह 10 बजे सीएम सैनी अपने मंत्रिमंडल सहयोगियों के साथ शपथ ग्रहण करेंगे। इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत बीजेपी के कई वरिष्ठ नेता, केंद्रीय मंत्री और अन्य राज्यों के मुख्यमंत्री भी मौजूद रहेंगे। इससे पहले खबर आई थी कि 15 अक्टूबर को हरियाणा की नई सरकार का शपथ ग्रहण होगा, मगर कार्यक्रम की तिथि में बदलाव कर दिया गया है। शपथ ग्रहण कार्यक्रम को लेकर पंचकूला के दशहरा मैदान में तैयारियां भी जोर-शोर से चल रही हैं।

हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने बताया कि पीएम नरेंद्र मोदी की मंजूरी मिल गई है, अब 17 अक्टूबर को पंचकूला में शपथ ग्रहण कार्यक्रम होगा। आपको बता दें कि हरियाणा विधानसभा चुनाव नतीजों में बीजेपी सभी एग्जिट पोल के अनुमानों को धता बताते हुए पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने जा रही है। इसी के साथ बीजेपी प्रदेश में लगातार तीसरी बार सरकार बनाकर हैट्रिक भी लगाएगी। इस चुनाव में बीजेपी ने 90 विधानसभा सीटों में से 48 सीटों पर जीत दर्ज करते हुए 46 सीटों के बहुमत के आंकड़े को पार कर लिया है।

जबकि कांग्रेस जो अपनी जीत के लिए पूरी तरह आश्वस्त थी और सारे एग्जिट पोल के अनुमान भी कांग्रेस के पक्ष में थे उसे सिर्फ 37 सीटें ही मिली हैं। इस चुनाव में सबसे ज्यादा नुकसान दुष्यंत चौटाला और उनकी पार्टी जेजेपी को हुआ जिससे हिस्से एक भी सीट नहीं आई, यहां तक कि पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत की जमानत भी जब्त हो गई। वहीं इनेलो, बीएसपी से गठबंधन की बदौलत दो सीटों पर ही जीत सकी। अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी का भी डिब्बा गोल हो गया।