नहीं रहे मशहूर न्यूज एंकर रोहित सरदाना, हार्ट अटैक से निधन, कोरोना वायरस से भी थे संक्रमित
नई दिल्ली: इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का लोकप्रिय चेहरा और मशहूर न्यूज एंकर रोहित सरदाना अब हमारे बीच नहीं रहे हैं। कोरोना कोरोना महामारी ने उनसे उनकी जिंदगी छीन ली। रोहित सरदाना की कोरोना से मौत हो गई है। नोएडा के एक अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था।
बताया जा रहा है कि आज सुबह हार्टअटैक आने की वजह से उनका निधन हो गया। कुछ दिन पहले रोहित कोरोना संक्रमित भी हो गए थे, लेकिन बाद में उनकी रिपोर्ट निगेटिव आई थी। रोहित सरदाना के निधन पर पत्रकारिता जगत से जुड़े काफी लोगों ने शोक जाहिर किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर शोक जताया है।
गृहमंत्री अमित शाह ने भी ट्वीट कर रोहित सरदाना के असामयिक निधन पर शोक जाताया है।
कांग्रेस महासचिव और पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने भी ट्वीट कर रोहति सरदाना के निधन पर शोक जताया है।
रोहित सरदाना के निधन पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शोक जाताया। उन्होंने लिखा, ”वरिष्ठ पत्रकार श्री रोहित सरदाना जी का निधन अत्यंत दुःखद है। वह जनपक्षीय पत्रकारिता के अप्रतिम हस्ताक्षर थे। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि वह दिवंगत आत्मा को शान्ति व शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति”
सुधीर चौधरी ने ट्वीट किया, ‘अब से थोड़ी पहले जितेंद्र शर्मा का फोन आया। उसने जो कहा सुनकर मेरे हाथ कांपने लगे। हमारे मित्र और सहयोगी रोहित सरदाना की मृत्यु की ख़बर थी। ये वायरस हमारे इतने क़रीब से किसी को उठा ले जाएगा ये कल्पना नहीं की थी। इसके लिए मैं तैयार नहीं था। यह भगवान की नाइंसाफ़ी है…। ॐ शान्ति।’
भले ही कोरोना और दिल का दौरा पड़ने से वह दुनिया छोड़कर चले गए, लेकिन एक दिन पहले तक वह लोगों की मदद के लिए सक्रिय थे। कोरोना का शिकार हुए लोगों के इलाज के लिए रेमडेसिविर इंजेक्शन, ऑक्सीजन, बेड आदि तक की व्यवस्था के लिए वह लगातार सोशल मीडिया पर एक्टिव थे और लोगों से सहयोग की अपील कर रहे थे।
यहां तक कि अपनी मौत से ठीक एक दिन पहले 29 अप्रैल को भी उन्होंने ट्वीट कर एक महिला के लिए रेमडेसिविर इंजेक्शनों की व्यवस्था करने की अपील की थी। इससे पहले 28 अप्रैल को उन्होंने लोगों से प्लाज्मा डोनेट करने की भी अपील की थी।
लंबे समय तक जी न्यूज में एंकर रहे रोहित सरदाना इन दिनों आज तक न्यूज चैनल में काम कर रहे थे। शाम को प्रसारित होने वाले डिबेट शो ‘दंगल’ की वह ऐंकरिंग करते थे। उन्हें पत्रकारिता जगत के कई पुरस्कारों से भी नवाजा गया था और बेबाक तरीके से अपनी बात रखने के लिए जाना जाता था। रोहित सरदाना लंबे समय तक Zee News में एंकर रहे थे. साल 2018 में ही रोहित सरदाना को गणेश शंकर विद्यार्थी पुरस्कार से नवाजा गया था।
