जम्मू-कश्मीर विधानसभा में पोस्टर पर छिड़ा विवाद, विधायकों में मारपीट, जमकर हुआ बवाल
नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर विधानसभा में धारा 370 बहाली के मुद्दे पर जमकर बवाल मचा। विधायकों के बीच छीना झपटी से लेकर मारपीट तक की नौबत आ गई। बाउंसरों को बीच बचाव करते हुए विधायकों को सदन से बाहर करना पड़ा और हंगामे के चलते विधानसभा की कार्यवाही कुछ देर के लिए स्थगित कर दी गई। दरअसल विधायक खुर्शीद अहमद शेख जो कि सांसद इंजीनियर राशिद के भाई हैं, के द्वारा धारा 370 की बहाली की मांग वाला बैनर सदन में दिखाया गया। विपक्ष के नेता सुनील शर्मा ने इस पर कड़ी आपत्ति जताई। इसके बाद विधानसभा में हंगामा शुरू हो गया, देखते ही देखते विधायक मारपीट पर आमादा हो गए।
विधायक खुर्शीद अहमद शेख ने जो बैनर विधानसभा में दिखाया उस पर लिखा था, हम धारा 370 और 35ए की बहाली के साथ सभी राजनीतिक कैदियों की रिहाई की मांग करते हैं। बीजेपी विधायकों ने इसका विरोध किया और वो सदन के वेल से होते हुए खुर्शीद अहमद शेख के पास पहुंचे और उनके हाथ से बैनर छीनने की कोशिश करने लगे। तभी सज्जाद लोन, वहीद पारा और नेशनल कॉन्फ्रेंस के कुछ अन्य विधायक खुर्शीद अहमद शेख के समर्थन में बीजेपी विधायकों से भिड़ गए। जम्मू कश्मीर विधानसभा में एक दिन पहले बुधवार को ही अनुच्छेद 370 को फिर से बहाल करने का प्रस्ताव पास किया गया है।
एक तरफ जहां बीजेपी इसका पुरजोर विरोध कर रही है तो वहीं जम्मू कश्मीर में सत्तासीन नेशनल कांफ्रेंस समेत पीडीपी और अवामी इत्तेहाद पार्टी (एआईपी) इसकी फिर से बहाली चाहते हैं। 5 अगस्त 2019 को नरेंद्र मोदी सरकार ने जम्मू कश्मीर से धारा 370 और 35ए को खत्म कर दिया था। इसके साथ ही जम्मू कश्मीर को पूर्ण राज्य से दो केंद्र शासित प्रदेशों जम्मू कश्मीर और लद्दाख में बांट दिया था। हाल ही में 10 साल बाद हुए विधानसभा चुनाव में वहां की सभी स्थानीय पार्टियों ने अपने घोषणा पत्र में 370 बहाली का वादा किया था।
