April 25, 2026

Hind foucs news

hindi new update

जम्मू-कश्मीर में अब सड़क पर उतरे बीजेपी नेता, धारा 370 बहाली की मांग का पुरजोर विरोध

नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर में विधानसभा में धारा 370 की बहाली संबंधी प्रस्ताव पारित होने के बाद बीजेपी इसका जबर्दस्त तरीके से विरोध कर रही है। आज सुबह ही इस मामले पर विधानसभा में नेशनल कांफ्रेंस और बीजेपी विधायकों के बीच जबर्दस्त हंगामा और हाथापाई तक हो गई। इसके बाद बीजेपी नेता अब सड़क पर उतर आए हैं। बीजेपी नेताओं ने हाथ में तख्ती लेकर मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और डिप्टी सीएम सुरेंदर चौधरी के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान बीजेपी नेताओं ने ‘जहां हुए बलिदान मुखर्जी, वो कश्मीर हमारा है’ का नारा भी लगाया।

बीजेपी नेता सुनील गुप्ता ने पार्टी नेताओं के साथ एकजुट होकर जम्मू कश्मीर सरकार और अन्य स्थानीय पार्टियों द्वारा धारा 370 बहाली की मांग का पुरजोर विरोध किया। वहीं, जम्मू कश्मीर बीजेपी के अध्यक्ष सत शर्मा का कहना है, जिस तरह से मार्शलों ने स्पीकर के निर्देशों पर काम करते हुए और नेशनल कॉन्फ्रेंस के साथ मिलकर आज विधानसभा के अंदर भारतीय जनता पार्टी के नेताओं के साथ धक्का-मुक्की की, उसकी मैं कड़ी निंदा करता हूं। इस घटना में हमारे तीन विधायक घायल हो गए। उन्होंने आरोप लगाया कि नेशनल कॉन्फ्रेंस और कांग्रेस विधानसभा के अंदर और बाहर विघटनकारी माहौल बनाने का प्रयास कर रहे हैं।

आपको बता दें कि विधानसभा में आज अवामी इत्तेहाद पार्टी के विधायक खुर्शीद अहमद शेख ने धारा 370 और 35ए की बहाली की मांग वाला बैनर सदन में खड़े होकर दिखाया। विपक्ष के नेता सुनील शर्मा ने इस पर कड़ी आपत्ति जताई। इसके बाद बीजेपी के कुछ विधायकों ने शेख से बैनर छीनने का प्रयास किया तो नेशनल कांफ्रेंस के सज्जाद लोन, वहीद पारा समेत अन्य विधायकों ने बीजेपी विधायकों के साथ धक्का मुक्की शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मारपीट की नौबत आ गई। इसके बाद वहां मौजूद बाउंसरों ने बीजेपी विधायकों को सदन से बाहर कर दिया।