April 25, 2026

Hind foucs news

hindi new update

‘किसी भी पंथ को मानने वाले हिंदू एकजुट हों’, बंटेंगे तो कटेंगे को सही ठहराकर जगद्गुरु रामभद्राचार्य का आह्वान

जयपुर। प्रसिद्ध संत जगद्गुरु रामभद्राचार्य ने अलग-अलग पंथ मानने वाले सभी हिंदुओं से एक होने का आह्वान किया है। राजस्थान की राजधानी जयपुर पहुंचे जगद्गुरु रामभद्राचार्य ने ‘बंटोगे तो कटोगे’ के बारे में कहा कि यही सच है। हमें नहीं बंटना है। जगद्गुरु रामभद्राचार्य ने कहा कि चाहे किसी भी पंथ को मानने वाले क्यों न हों, लेकिन हिंदुओं का एक होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि अगर एकजुटता दिखाएंगे, तो कोई भी हमें नुकसान नहीं पहुंचा सकेगा। जगद्गुरु रामभद्राचार्य ने एकता के बल का उदाहरण देते हुए कहा कि एक अकेली अंगुली कमजोर होती है, लेकिन सभी अंगुलियों को मिलाकर मुट्ठी बांध लें, तो वो मजबूत होता है।

‘बंटेंगे तो कटेंगे’ का नारा पिछले दिनों यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने दिया था। इसके बाद आरएसएस के प्रमुख मोहन भागवत ने भी सभी से न बंटने की अपील की थी। जिसके बाद पीएम नरेंद्र मोदी ने महाराष्ट्र की एक जनसभा में कहा था कि अगर बंट गए, तो बांटने वाले महफिल सजाएंगे। पीएम मोदी और सीएम योगी लगातार न बंटने का आग्रह लोगों से कर रहे हैं। पीएम मोदी ने महाराष्ट्र की चुनावी रैली में नया नारा दिया कि ‘एक हैं तो सेफ हैं’। वहीं, योगी आदित्यनाथ भी झारखंड में अपनी चुनावी जनसभाओं में बंटेंगे तो कटेंगे के बारे में कहकर लोगों से एकजुटता की अपील करते दिख रहे हैं।

वहीं, योगी के दिए बंटेंगे तो कटेंगे और मोदी के दिए नारे एक हैं तो सेफ हैं पर विपक्ष भी मैदान में उतर आया है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने तो विवादित बयान तक दिया कि ऐसा कोई आतंकवादी ही कह सकता है। फिलहाल बंटेंगे तो कटेंगे और एक हैं तो सेफ हैं के नारे महाराष्ट्र और झारखंड के चुनावी समर में गूंज रहे हैं। वहीं, तमाम हिंदू धर्माचार्य भी योगी आदित्यनाथ के दिए नारे को गुंजाते हुए हिंदुओं से कह रहे हैं कि अगर बचे रहना है, तो एकजुटता दिखानी होगी।