जेफ बेजोस को पछाड़ एलन मस्क बने अरबपति नंबर 1, टॉप 10 से बाहर मुकेश अंबानी
नई दिल्ली। टेस्ला के सीईओ एलन मस्क ने अमेजन के पूर्व सीईओ जेफ बेजोस को पछाड़ दुनिया के सबसे अमीर व्यक्तियों की लिस्ट में नंबर 1 की कुर्सी हासिल कर ली है। ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के मुताबिक, टेस्ला के सीईओ एलन मस्क ने 213 बिलियन डॉलर की संपत्ति के साथ दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति बन गए हैं। बीते हफ्ते कंपनी के शेयरों की कीमत में बढ़ोतरी के बाद टेस्ला के संस्थापक ने लगभग 13 बिलियन डॉलर की कुल संपत्ति अर्जित की है।
ब्लूमबर्ग बिलियनेयर इंडेक्स की ताजा लिस्ट के अनुसार, एलन मस्क 213 बिलियन डॉलर की संपत्ति के पहले नंबर पर, 197 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ जेफ बेजोस दूसरे नंबर पर वहीं 160 बिलियन डॉलर के साथ बर्नार्ड अर्नाल्ट ने तीसरे स्थान पर कब्जा जमाया है। फेसबुक के सीईओ मार्क जुकरबर्ग को इस लिस्ट में 132 अरब डॉलर के नेटवर्थ के साथ चौथे स्थान पर जगह मिली हैं।
टॉप 10 से बाहर मुकेश अंबानी
लिस्ट में 128 अरब डॉलर के साथ बिलगेट्स पांचवें नंबर पर, लैरीपेज 126 अरब डॉलर के साथ छठे स्थान, सातवें स्थान पर सर्गी ब्रिन और आठवें पर लैरी एलिसन हैं। 9वें नंबर पर स्टीव बॉल्मर और 10 वीं पोजीशन पर वॉरेन बफेट हैं।
यहां बता दें कि टॉप-10 में शामिल इन सभी अरबपतियों की संपत्ति 100 अरब डॉलर से ऊपर है। लिस्ट में शामिल टॉप-10 में भारत के मुकेश अंबानी को जगह नहीं मिली। वो 96.8 अरब डॉलर के साथ 11वें नंबर पर हैं, जबकि गौतम अडानी 69.2 अरब डॉलर के साथ 14वें स्थान पर जगह बना पाए।
