February 15, 2026

Hind foucs news

hindi new update

अवध ओझा ने शुरू की राजनीतिक पारी, आम आदमी पार्टी में हुए शामिल, दिल्ली विधानसभा चुनाव लड़ने की अटकलें

नई दिल्ली। सिविल सर्विसेज़ और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने वाले मशहूर अवध ओझा ने आज से अपनी राजनीतिक पारी शुरू कर दी है। अवध ओझा आज आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए। आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने अवध ओझा को पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस दौरान दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया भी मौजूद रहे। ऐसी संभावना जताई जा रही है कि अगले साल होने वाले दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी अवध ओझा को टिकट दे सकती है। अवध ओझा के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते रहते हैं जिसमें उनके पढ़ाने और बातचीत के तरीके को स्टूडेंट्स खूब पसंद करते हैं।

मूल रूप से यूपी के गोंडा जिले के रहने वाले अवध ओझा ने दिल्ली में सिविल सर्विसेज कोचिंग की शुरूआत की। सोशल मीडिया के माध्यम से धीरे-धीरे वो स्टूडेंट्स के बीच बहुत पॉपुलर हो गए। अब दिल्ली के अलावा यूपी के कई शहरों में भी उनकी कोचिंग चलती है जिसमें बड़ी संख्या में स्टूडेंट्स प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं। चुनाव लड़ने के सवाल पर अवध ओझा ने कहा कि पार्टी जो भी आदेश देगी वो उसका पालन करेंगे। उन्होंने कहा कि राजनीति में आकर शिक्षा के विकास के लिए काम करना ही मेरा सर्वोत्तम उद्देश्य है।

इससे पहले दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम और पूर्व शिक्षा मंत्री रहे मनीष सिसोदिया ने कहा कि दिल्ली सरकार की शिक्षा क्रांति से प्रभावित होकर अवध ओझा आम आदमी पार्टी में शामिल हो रहे हैं। हमें पार्टी में उनका स्वागत करते हुए बेहद खुशी हो रही है। आपको बता दें कि इसी साल हुए लोकसभा चुनाव से पहले भी अवध ओझा के राजनीति में आने की अटकलें लगाई जा रही थीं। ऐसी खबरें आई थीं कि अवध ओझा प्रयागराज से चुनाव लड़ना चाहते थे और बीजेपी से टिकट मांग रहे थे। इसके अलावा केसरगंज से भी उनके चुनाव लड़ने की अटकलें लगाई जा रही थीं। बीजेपी से टिकट न मिलने पर अवध ओझा ने कांग्रेस से भी संपर्क साधा पर वहां भी उनकी बात नहीं बनी।

You may have missed